दिल्ली में नकली मेकअप फैक्ट्रियों पर छापा, 2 इकाइयां सील

दिल्ली के बाहरी वेस्ट जिले के पूठखुर्द इलाके में बिना लाइसेंस चल रही दो कॉस्मेटिक निर्माण इकाइयों पर दिल्ली सरकार के औषधि नियंत्रण विभाग ने छापेमारी की है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में बड़ी मात्रा में तैयार कॉस्मेटिक उत्पाद, मशीनरी और कच्चा माल जब्त किया गया है।

खुफिया सूचना पर दो टीमों ने की छापेमारी

विभाग को सूचना मिली थी कि पूठखुर्द में कुछ फैक्ट्रियां बिना जरूरी लाइसेंस के कॉस्मेटिक उत्पाद बना रही हैं। इस सूचना के आधार पर औषधि निरीक्षकों की दो अलग-अलग टीमों का गठन किया गया। दोनों टीमों ने संबंधित परिसरों में पहुंचकर जांच की, जहां बिना वैध निर्माण लाइसेंस के स्किनकेयर और पर्सनल केयर उत्पाद तैयार किए जा रहे थे।

अधिकारियों के मुताबिक, बिना लाइसेंस इस तरह का कारोबार करना औषधि और प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 और कॉस्मेटिक्स नियम, 2020 का उल्लंघन है। जांच में पाया गया कि दोनों इकाइयों में कई तरह के उत्पाद बनाए और पैक किए जा रहे थे।

मशीनें, कच्चा माल और पैकेजिंग सामग्री जब्त

छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने फैक्ट्रियों में मौजूद कॉस्मेटिक उत्पादों के कानूनी सैंपल लिए। इन्हें आगे की जांच और गुणवत्ता की पुष्टि के लिए सुरक्षित किया गया है। उत्पादों की प्रामाणिकता जांचने के लिए भी जरूरी नमूने एकत्र किए गए हैं।

विभाग की टीम ने दोनों परिसरों से तैयार उत्पादों का बचा हुआ स्टॉक, निर्माण में इस्तेमाल होने वाली मशीनें, उपकरण, कच्चा माल और अर्धनिर्मित उत्पाद जब्त कर लिए। पैकेजिंग के लिए रखी गई सामग्री को भी कब्जे में लिया गया है। अब इन उत्पादों की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

स्वास्थ्य मंत्री बोले- उपभोक्ताओं की सुरक्षा से समझौता नहीं

इस कार्रवाई को लेकर दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि सरकार राजधानी के लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण उत्पाद उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। बिना वैध लाइसेंस के कॉस्मेटिक उत्पाद बनाना कानून का गंभीर उल्लंघन है। इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इस तरह की अवैध गतिविधियों से न केवल नियमों का उल्लंघन होता है, बल्कि लोगों की सेहत और सुरक्षा पर भी खतरा पैदा हो सकता है। उनके निर्देश पर औषधि नियंत्रण विभाग ने ऐसी इकाइयों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

सरकारी लैब में होगी सैंपल की जांच

छापेमारी के दौरान लिए गए सभी कानूनी नमूनों को जांच और विश्लेषण के लिए दिल्ली के सरकारी विश्लेषक (Government Analyst) के पास भेजा जा रहा है। लैब की रिपोर्ट से उत्पादों की गुणवत्ता और उनमें इस्तेमाल सामग्री के बारे में जानकारी मिलेगी। फिलहाल विभाग ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ कानून के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Source

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!