’24 घंटे में डिलीट हो जाएंगे आपके ईमेल’, Microsoft के नाम से नया फिशिंग स्कैम, कंपनी ने दी चेतावनी

माइक्रोसॉफ्ट ने अपने यूजर्स को एक नए फिशिंग स्कैम के बारे में चेतावनी दी है। यह स्कैम कंपनी की सेवाओं में हाल ही में आई 36 घंटे की आउटेज के बाद शुरू हुआ है। हैकर्स इस खराबी का फायदा उठाकर यूजर्स को नकली ईमेल और मैसेज भेज रहे हैं, जो देखने में बिल्कुल माइक्रोसॉफ्ट के असली मैसेज जैसे लगते हैं। इन फर्जी मैसेज में दावा किया जा रहा है कि सर्वर डाउन होने के दौरान जो ईमेल रुक गए थे, वे हमेशा के लिए डिलीट हो सकते हैं।

हैकर्स ऐसे बना रहे निशाना

माइक्रोसॉफ्ट थ्रेट इंटेलिजेंस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए साफ किया है कि ये अलर्ट पूरी तरह से फर्जी हैं। हैकर्स ने इन्हें इस तरह डिजाइन किया है कि डर के मारे यूजर्स इनमें दिए गए खतरनाक लिंक पर क्लिक कर दें। ऐसा करने से उनके अकाउंट और पासवर्ड चोरी होने का खतरा बढ़ सकता है।

ये फर्जी मैसेज लोगों को डराने और जल्दबाजी दिखाने के लिए भेजे जाते हैं, ताकि उन्हें लगे कि उनके जरूरी ईमेल सच में खतरे में हैं। माइक्रोसॉफ्ट के मुताबिक, कुछ नकली अलर्ट में यह दावा किया जा रहा है कि सर्वर डाउन रहने के दौरान जो ईमेल रुक गए थे, वे 24 घंटे के अंदर हमेशा के लिए डिलीट हो जाएंगे। इन ईमेल को वापस पाने के लिए यूजर्स को एक लिंक पर क्लिक करने के लिए कहा जाता है।

हैकर्स इन फर्जी ईमेल की सब्जेक्ट लाइन में आउटेज – 6 अक्षरों का कोड] जैसा फॉर्मेट इस्तेमाल कर रहे हैं। साथ ही, वे भेजने वाले का नाम भी बिल्कुल माइक्रोसॉफ्ट के आधिकारिक नोटिफिकेशन जैसा रखते हैं, जिससे आम यूजर्स के लिए असली और नकली ईमेल में फर्क करना मुश्किल हो जाता है।

अकाउंट की जानकारी चुराने की कोशिश

माइक्रोसॉफ्ट ने इस फिशिंग अभियान से जुड़े तीन डोमेन की पहचान की है। इसमें moments-notice.com, planetmaison.com और http://newbooker.com शामिल है। बताया जा रहा है कि इन मैसेज में सेंडग्रिड (SendGrid) के जरिए बनाए गए पर्सनलाइज्ड ट्रैकिंग लिंक शामिल हैं, जो यूजर्स को reallifeaccounting.com और कुछ वेबपेजों पर रीडायरेक्ट कर देते हैं।

इसमें अमेरिका में कई अलग-अलग इंडस्ट्री की कंपनियों को निशाना बनाया गया है। माइक्रोसॉफ्ट का मानना है कि इस एक्टिविटी का उद्देश्य अकाउंट क्रेडेंशियल्स चुराना है। हालांकि अभी यह साफ नहीं है कि हमलावर लॉगिन डिटेल्स हासिल कर पाया है या उन्होंने कोई मैलवेयर फैलाया है।

बचने के लिए करें ये

माइक्रोसॉफ्ट यूजर्स को सलाह देता है कि वे ईमेल में आए ऐसे किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक ना करें। इसके बजाय, उन्हें सेवा से जुड़े अपडेट सीधे माइक्रोसॉफ्ट 365 एडमिन सेंटर के जरिए ही देखने चाहिए। यह चेतावनी बताती है कि किस तरह साइबर अपराधी तकनीकी खराबी का फायदा उठाकर फर्जी मैसेज को असली जैसा दिखा सकते हैं।

ऐसे मामलों में कर्मचारियों के अकाउंट और बिजनेस की जरूरी जानकारी खतरे में पड़ सकती है। इसलिए यूजर्स को सतर्क रहने की जरूरत है। माइक्रोसॉफ्ट ने यह भी साफ किया है कि असली अलर्ट और फर्जी मैसेज में फर्क करने के लिए यूजर्स को आधिकारिक स्रोतों पर ही भरोसा करना चाहिए।

Source

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!