भारत में 10 करोड़ से अधिक लोग टाइप 2 डायबिटीज से पीड़ित हैं। आईसीएमआर की स्टडी के अनुसार, 13 करोड़ से अधिक लोग प्री-डायबिटीज की स्थिति में हैं। विश्व मधुमेह दिवस पर डॉक्टर फराह इंगले (सीनियर कंसल्टेंट फिजिशियन और डायबेटोलॉजिस्ट) ने GLP-1 दवा को इस बीमारी को नियंत्रित करने में कारगर बताया है।
मुख्य बातें
- भारत में डायबिटीज मरीजों की संख्या 10 करोड़ से अधिक है।
- 13 करोड़ से अधिक लोग प्री-डायबिटीज की स्थिति में हैं।
- GLP-1 दवा शुगर के साथ-साथ वजन और हृदय स्वास्थ्य पर भी असर डालती है।
डॉक्टर फराह इंगले बताती हैं कि कई मरीज दवाएं लेने, कार्बोहाइड्रेट कंट्रोल करने और नियमित शुगर जांच के बाद भी ब्लड शुगर को नियंत्रित करने में मुश्किल महसूस करते हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या केवल ग्लूकोमीटर के आंकड़ों का इलाज किया जा रहा है, जबकि असली समस्या अनदेखी रह जाती है।
GLP-1 डायबिटीज को कैसे कंट्रोल करती है?
GLP-1 (ग्लुकागोन-लाइक पेप्टाइड-1) एक हार्मोन है, जो खाना खाने के बाद आंतों से निकलता है। GLP-1 आधारित थेरेपी इस प्राकृतिक हार्मोन की नकल करती है। यह पैंक्रियाज को केवल तब इंसुलिन छोड़ने में मदद करती है जब ब्लड शुगर अधिक हो, जिससे शुगर के खतरनाक स्तर तक कम होने का जोखिम कम रहता है।
यह दवा ग्लूकागन हार्मोन को कम करती है, जो लिवर को अधिक शुगर छोड़ने के लिए प्रेरित करता है। इसके अलावा, यह पेट खाली होने की प्रक्रिया को धीमा कर देती है, जिससे भोजन धीरे-धीरे आगे बढ़ता है और खाने के बाद शुगर अचानक नहीं बढ़ता। यह ब्रेन में भूख को नियंत्रित करने वाले केंद्रों पर भी काम करती है, जिससे जल्दी पेट भरने का अहसास होता है और cravings कम होती हैं।
शुगर कंट्रोल के अलावा GLP-1 क्यों महत्वपूर्ण है?
कई पुरानी डायबिटीज दवाएं वजन बढ़ा सकती हैं, जिससे शुगर को नियंत्रित करना और मुश्किल हो जाता है। इसके विपरीत, GLP-1 बेस्ड थेरेपी वजन कम करने में मदद करती है और ग्लूकोज को बेहतर ढंग से नियंत्रित रखती है। डायबिटीज और मोटापे से जूझ रहे लोगों के लिए यह एक बड़ा बदलाव है।
कुछ GLP-1 दवाओं के बड़े क्लिनिकल ट्रायल से पता चला है कि टाइप 2 डायबिटीज वाले जिन लोगों को हृदय रोग है या जिनमें हृदय संबंधी समस्याओं का खतरा अधिक है, उनमें हार्ट अटैक और स्ट्रोक जैसी गंभीर घटनाओं का जोखिम कम हो जाता है। कुछ प्रमाण किडनी की सुरक्षा और फैटी लिवर की बीमारी में इनकी भूमिका को लेकर भी हैं। चूंकि डायबिटीज मरीजों को हृदय और किडनी जटिलताओं से सबसे ज्यादा नुकसान होता है, इसलिए ये प्रभाव HbA1c रिपोर्ट जितने ही महत्वपूर्ण हैं।
तनाव के बोझ को कम करना
डायबिटीज के साथ जीना मानसिक रूप से थका देने वाला हो सकता है। हर समय खाने-पीने पर ध्यान, शुगर के बहुत कम हो जाने (hypoglycaemia) का डर, और शुगर लेवल खराब आने पर खुद को दोषी मानना तनावपूर्ण होता है। कई मरीज बताते हैं कि जब भूख और cravings शांत हो जाती हैं, तो भोजन को लेकर रोज का संघर्ष खत्म हो जाता है। कुछ GLP-1 दवाएं हफ्ते में केवल एक बार लेनी होती हैं, जिससे दिनचर्या आसान हो जाती है।
GLP-1 लेने वाले मरीजों को पता होनी चाहिए ये बातें: GLP-1 कोई शॉर्टकट नहीं है, ये डॉक्टर की सलाह पर दी जाने वाली दवाएं हैं और हर किसी के लिए उपयुक्त नहीं हैं। इनके साइड इफेक्ट्स में जी मिचलाना, उल्टी, दस्त या कब्ज होना आम है, जो धीरे-धीरे खुराक बढ़ाने और हल्का भोजन लेने से कम हो जाते हैं। कभी-कभी पैंक्रियाटाइटिस और पित्ताशय की समस्याएं हो सकती हैं, इसलिए पेट में लगातार तेज दर्द होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
जिन लोगों को खुद या परिवार में मेडुलरी थायरॉयड कैंसर या MEN2 सिंड्रोम की हिस्ट्री है, और जिन्हें पहले पैंक्रियाटाइटिस हुआ है, उन्हें डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए। वजन कम होने का मतलब शरीर की चर्बी कम होनी चाहिए, न कि मांसपेशियां, इसलिए पर्याप्त प्रोटीन और रेजिस्टेंस एक्सरसाइज जरूरी है। दवा अचानक बंद न करें, इससे फायदे खत्म हो सकते हैं और वजन वापस बढ़ सकता है। खुराक और निगरानी हमेशा योग्य डॉक्टर के साथ तय करें, खासकर जब इंसुलिन या अन्य दवाएं भी ले रहे हों।
GLP-1s हेल्दी डाइट, फिजिकल एक्टिविटी, नींद और नियमित जांच का विकल्प नहीं हैं, बल्कि इनके साथ मिलकर सबसे बेहतर काम करते हैं। डॉक्टर कहते हैं कि इस विश्व मधुमेह दिवस पर केवल कार्ब्स और गोली के बारे में न सोचें, बल्कि अपने डॉक्टर से जोखिम, वजन, हार्ट और किडनी की स्थिति के बारे में बात करें और पूछें कि क्या GLP-1s जैसे नए विकल्प आपके लिए सही हैं। आज डायबिटीज की देखभाल का मतलब केवल शुगर लेवल को कंट्रोल करना नहीं, बल्कि जटिलताओं को रोकना और जीवन की गुणवत्ता में सुधार करना भी है।
