बढ़ती उम्र में बच्चों का विदेश जाना, नौकरी या पढ़ाई के लिए दूसरे शहर में जाना, जीवनसाथी का साथ छूटना और रिटायरमेंट के बाद सामाजिक गतिविधियों में कमी जैसे बदलाव बुजुर्गों में अकेलेपन को बढ़ा रहे हैं। यह अकेलापन सिर्फ उदासी नहीं है, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य, नींद और याददाश्त से जुड़ी समस्याओं का जोखिम भी बढ़ाता है।
अकेलेपन के प्रमुख तथ्य
- 55 प्रतिशत से अधिक बुजुर्ग अकेलेपन का अनुभव करते हैं।
- अकेलापन हृदय रोग के जोखिम में 29 प्रतिशत और स्ट्रोक के जोखिम में 32 प्रतिशत की वृद्धि से जुड़ा है।
- यह अवसाद, चिंता और याददाश्त की समस्याओं का खतरा भी बढ़ाता है।
- लंबे समय तक अकेलापन कोर्टिसोल हार्मोन बढ़ाकर मस्तिष्क के हिप्पोकैम्पस को प्रभावित कर सकता है।
नेहा सिन्हा (डिमेंशिया विशेषज्ञ एवं क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट, सह-संस्थापक एवं सीईओ, Epoch Elder Care) के मुताबिक कई स्टडीज में अकेलेपन को हृदय रोग के जोखिम में 29 प्रतिशत और स्ट्रोक के जोखिम में 32 प्रतिशत की वृद्धि से जोड़ा गया है। इसके अलावा, अकेलेपन से अवसाद, चिंता और याददाश्त से जुड़ी समस्याओं का खतरा भी बढ़ सकता है। भारत में यह चुनौती सामने आ रही है। कुछ ग्रुप्स पर की कई स्टडी के अनुसार, 55 प्रतिशत से अधिक बुजुर्ग अकेलेपन का अनुभव करते हैं।
सामाजिक अकेलेपन का याददाश्त और ब्रेन पर असर
अकेलापन एक ऐसा महत्वपूर्ण कारक है, जिस पर अक्सर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जाता, जबकि यह उम्र बढ़ने के साथ संज्ञानात्मक क्षमताओं (Cognitive ability) में गिरावट से जुड़ा हो सकता है। लोगों से बातचीत करना केवल सामाजिक जरूरत नहीं है, बल्कि मस्तिष्क को सक्रिय रखने का भी एक जरूरी माध्यम है।
जब हम किसी से बात करते हैं, तो हमारा मस्तिष्क एक साथ कई काम करता है। हम सामने वाले की बात सुनते हैं, पुरानी बातें याद करते हैं, उसकी भावनाओं को समझते हैं और उसके अनुसार जवाब देते हैं। इस तरह रोजमर्रा की बातचीत भी मस्तिष्क के लिए एक तरह का व्यायाम है। जब बुजुर्गों के जीवन में बातचीत और मेलजोल कम होने लगता है, तो मस्तिष्क को मिलने वाली मानसिक सक्रियता भी घट जाती है।
लंबे समय तक अकेलेपन में रहने से शरीर में तनाव की प्रतिक्रिया लगातार बनी रह सकती है। इससे कोर्टिसोल नामक तनाव हार्मोन का स्तर बढ़ा रह सकता है। लंबे समय तक इसका अधिक स्तर मस्तिष्क के हिप्पोकैम्पस नामक हिस्से को प्रभावित कर सकता है, जो याददाश्त और नई चीजें सीखने के लिए महत्वपूर्ण है।
अकेलेपन का मानसिक स्वास्थ्य और भावनात्मक सेहत पर प्रभाव
अक्सर अकेले रहने वाले या सीमित सहयोग के साथ जीवन बिताने वाले बुजुर्गों को रोजमर्रा में लोगों से मिलने और बातचीत करने के कम अवसर मिलते हैं। उम्र बढ़ने के साथ चलने-फिरने में परेशानी, पुरानी बीमारियां और सुनने या देखने से जुड़ी समस्याएं भी उनके लिए घर से बाहर निकलना और सामुदायिक गतिविधियों में हिस्सा लेना मुश्किल बना सकती हैं।
परिवार के भीतर भी समय के साथ भूमिकाएं बदलती हैं। जो बुजुर्ग कभी घर के फैसलों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते थे, वे धीरे-धीरे खुद को कम महत्वपूर्ण या परिवार से अलग महसूस करने लग सकते हैं। कई बार परिवार का सहयोग मिलने के बावजूद यह भावनात्मक दूरी बनी रहती है।
इसका असर उनकी देखभाल करने वाले परिवार के सदस्यों पर भी पड़ता है। लगातार जिम्मेदारियां निभाते हुए केयरगिवर्स (caregivers) के पास अपने लिए समय कम रह जाता है। वे भी सामाजिक गतिविधियों से दूर होने लगते हैं और मानसिक व भावनात्मक थकान का सामना कर सकते हैं।
थेरेपी और देखभाल के नए तरीके कैसे मदद करते हैं?
अब बुजुर्गों की देखभाल को लेकर सोच में बदलाव आ रहा है। रिमिनिसेंस थेरेपी (reminiscence therapy) यानी पुरानी यादों को साझा करना, म्यूजिक थेरेपी, कला से जुड़ी गतिविधियां और दिमाग को सक्रिय रखने वाले विशेष अभ्यास देखभाल का हिस्सा बन रहे हैं।
ये गतिविधियां केवल मनोरंजन के लिए नहीं होती। इनका उद्देश्य बुजुर्गों की याददाश्त से जुड़ी क्षमताओं को सक्रिय रखना, उनका मूड बेहतर बनाना और उन्हें दूसरों के साथ जुड़ने के अवसर देना है। पुराने गाने सुनना, जीवन के अनुभव साझा करना या किसी रचनात्मक गतिविधि में हिस्सा लेना उन्हें खुशी देने के साथ-साथ बातचीत के अवसर भी प्रदान करता है।
सीनियर लिविंग कम्युनिटीज, डे-केयर सेंटर और नियमित सामाजिक गतिविधियां भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यहां बुजुर्गों को एक नियमित दिनचर्या, नए लोगों से मिलने और साझा अनुभवों का हिस्सा बनने का अवसर मिलता है। असिस्टेड लिविंग और विशेष देखभाल वाले केंद्रों में चिकित्सकीय विशेषज्ञता के साथ भावनात्मक सहयोग और व्यक्तिगत जरूरतों पर भी ध्यान दिया जाता है। इससे परिवारों को भरोसा मिलता है कि उनके बुजुर्ग परिजन सुरक्षित होने के साथ सक्रिय और सामाजिक रूप से जुड़े हुए भी हैं।
सबसे जरूरी है कि हम बुजुर्गों को देखने का अपना नजरिया बदलें। वे केवल देखभाल पाने वाले व्यक्ति नहीं हैं, बल्कि उनकी अपनी पहचान, इच्छाएं, अनुभव और जीवन के इस पड़ाव पर भी कुछ नया करने और सीखने की जरूरतें हैं। आखिरकार, बुजुर्गों की देखभाल का मतलब सिर्फ यह सुनिश्चित करना नहीं है कि वे सुरक्षित और स्वस्थ रहें, बल्कि यह भी है कि वे सम्मान, अपनापन और उद्देश्य के साथ जीवन जी सकें।
