JEE Advanced 2027: 23 मई को परीक्षा, पहली बार कैलकुलेटर की अनुमति

इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (IIT) दिल्ली ने जॉइंट एंट्रेंस एग्जामिनेशन (JEE) एडवांस्ड 2027 की तारीख की घोषणा कर दी है। परीक्षा 23 मई 2027 को आयोजित की जाएगी। संस्थान ने आधिकारिक वेबसाइट jeeadv.ac.in भी लॉन्च कर दी है, जहां उम्मीदवार पात्रता मानदंड और परीक्षा से जुड़े अपडेट देख सकते हैं। इस बार परीक्षा में एक अहम बदलाव भी किया गया है।

JEE Advanced 2027: 23 मई को होगी परीक्षा

IIT दिल्ली द्वारा जारी की गई जानकारी के अनुसार, JEE एडवांस्ड 2027 का आयोजन 23 मई 2027 को किया जाएगा। उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट jeeadv.ac.in पर जाकर पात्रता मानदंड (eligibility criteria) देख सकते हैं और एंट्रेंस एग्जाम से जुड़े अपडेट चेक कर सकते हैं। यह वेबसाइट स्टूडेंट्स के लिए लॉन्च की गई है।

2025 या उससे पहले 12वीं पास करने वाले अयोग्य

लंबे समय से JEE एडवांस्ड में तीसरे मौके की मांग कर रहे हजारों उम्मीदवारों को निराश होना पड़ा है। IIT ने साफ कर दिया है कि जिन्होंने 2025 या उससे पहले पहली बार कक्षा 12 की परीक्षा दी थी, वे इसके लिए पात्र नहीं होंगे, चाहे उनके पास कोई भी सब्जेक्ट रहे हों। 12,000 से अधिक छात्रों ने 2027 की परीक्षा के लिए तीसरा प्रयास दिए जाने की मांग करते हुए एक ऑनलाइन याचिका पर हस्ताक्षर किए थे।

याचिका में शिक्षा मंत्रालय, IIT काउंसिल और जॉइंट एडमिशन बोर्ड (JAB) से आग्रह किया गया था कि वे या तो लगातार तीन वर्षों में तीन अटेंप्ट्स करने की अनुमति दें, या फिर तीन साल की अवधि के अंदर दो प्रयास करने की छूट दें। हालांकि, JEE एडवांस्ड 2027 के लिए जारी पात्रता मानदंडों में, लगातार दो वर्षों में दो प्रयास करने की मौजूदा सीमा को ही बरकरार रखा गया है।

JEE Advanced 2027 के लिए योग्यता

JEE एडवांस्ड की योग्यता को लेकर IIT द्वारा जारी नोटिस के अनुसार, सिर्फ वे उम्मीदवार ही आवेदन कर सकेंगे, जिन्होंने 2026 या 2027 में पहली बार कक्षा 12 या इसके समकक्ष परीक्षा दी हो, जिसमें भौतिक विज्ञान (Physics), रसायन विज्ञान (Chemistry) और गणित (Mathematics) अनिवार्य विषय रहे हों।

वे उम्मीदवार, जिन्हें पहले JoSAA 2026 बिजनेस रूल्स के तहत लिस्टिड किसी एकेडमिक प्रोग्राम के माध्यम से IIT में एडमिशन मिल चुका है, वे भी JEE एडवांस्ड एग्जाम के योग्य नहीं होंगे। यह प्रतिबंध उन सभी पर लागू होता है, चाहे उन्होंने उस प्रोग्राम को जारी रखा हो या ऑनलाइन रिपोर्टिंग या रिपोर्टिंग सेंटर पर जाकर IIT की सीट एक्सेप्ट कर ली हो। जिन उम्मीदवारों का IIT में एडमिशन लेने के बाद रद्द कर दिया गया था, उन्हें भी परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं होगी।

पहली बार ऑन-स्क्रीन कैलकुलेटर की सुविधा

IIT दिल्ली ने यह भी साफ किया है कि JEE एडवांस्ड 2027 में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को एग्जाम के दौरान ऑन-स्क्रीन बेसिक कैलकुलेटर का इस्तेमाल करने की परमिशन होगी। यह कैलकुलेटर नॉन-साइंटिफिक होगा और इसमें 10 से 12 अंकों का डिस्प्ले होगा। उम्मीदवारों को परीक्षा से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट jeeadv.ac.in पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।

मुख्य बातें:

  • JEE एडवांस्ड 2027 का आयोजन 23 मई 2027 को होगा।
  • 2025 या उससे पहले 12वीं पास करने वाले उम्मीदवार अयोग्य हैं।
  • IIT में एडमिशन मिल चुके या सीट रद्द करने वाले उम्मीदवार भी अयोग्य होंगे।
  • पहली बार परीक्षा में ऑन-स्क्रीन बेसिक कैलकुलेटर का इस्तेमाल करने की अनुमति होगी।

Source

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!