हर साल 14 नवंबर को विश्व डायबिटीज डे मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य लोगों को इस गंभीर बीमारी के प्रति जागरूक करना है। डायबिटीज को अक्सर बड़ों की बीमारी माना जाता है, लेकिन बच्चे और किशोर भी इसकी चपेट में आ सकते हैं। बच्चों में टाइप-1 डायबिटीज के मामले अधिक देखे जाते हैं, वहीं अब कम उम्र में टाइप-2 डायबिटीज के मामले भी बढ़ रहे हैं।
क्या डायबिटीज रिवर्स हो सकती है?
आम धारणा है कि एक बार डायबिटीज हो जाने के बाद इसे रिवर्स नहीं किया जा सकता। बीमारी पूरी तरह खत्म नहीं होती, लेकिन इसे कंट्रोल जरूर किया जा सकता है। ज्यादातर मरीजों को दवाओं और सही खानपान पर निर्भर रहना पड़ता है। हालांकि, एक स्थिति ऐसी भी है जिसे डायबिटीज का रिवर्स कंडीशन कहा जा सकता है।
अगर कोई शुगर मरीज सामान्य व्यक्ति की तरह खाना खाए, कोई विशेष डाइट फॉलो न करे और उसका शुगर लेवल सामान्य दिखे, तो इसे रिवर्स कंडीशन कहा जा सकता है। लेकिन विशेषज्ञों के अनुसार ऐसा संभव नहीं है। मेडिकल साइंस में भी इसका कोई प्रमाण नहीं है।
बच्चों में डायबिटीज का खतरा
माता-पिता अक्सर पूछते हैं कि क्या बच्चों की डायबिटीज पूरी तरह ठीक हो सकती है। इसका जवाब डायबिटीज के प्रकार पर निर्भर करता है। डॉ. स्वस्ति अग्रवाल, कंसल्टेंट, पीडियाट्रिक एंडोक्राइनोलॉजी, मधुकर रेनबो चिल्ड्रन हॉस्पिटल बताती हैं कि टाइप-1 डायबिटीज एक ऑटोइम्यून बीमारी है।
इसमें शरीर का इम्यून सिस्टम गलती से पैंक्रियाज की उन कोशिकाओं पर हमला करता है जो इंसुलिन बनाती हैं। इससे शरीर में इंसुलिन का निर्माण बहुत कम हो जाता है या बंद हो जाता है। ऐसे बच्चों को जीवनभर इंसुलिन की आवश्यकता होती है। फिलहाल खान-पान या लाइफस्टाइल में बदलाव से टाइप-1 डायबिटीज को पूरी तरह ठीक करने का कोई प्रमाणित तरीका नहीं है।
टाइप-2 डायबिटीज में रिमिशन की संभावना
टाइप-2 डायबिटीज में शरीर इंसुलिन का सही उपयोग नहीं कर पाता। यह बढ़ते वजन, शारीरिक गतिविधि की कमी, गलत खान-पान और जेनेटिक कारणों से जुड़ी हो सकती है। कुछ बच्चों में सही इलाज, संतुलित आहार और नियमित व्यायाम से ब्लड शुगर काफी हद तक नियंत्रित हो सकती है और बीमारी रिमिशन में भी जा सकती है।
हालांकि, रिमिशन का अर्थ यह नहीं है कि बीमारी हमेशा के लिए खत्म हो गई है। इसलिए नियमित जांच आवश्यक है। बच्चों की सेहत में माता-पिता की अहम भूमिका होती है। उनके आहार में साबुत अनाज, हरी सब्जियां, फल, दालें और प्रोटीन शामिल करें। मीठे पेय पदार्थों और पैकेज्ड फूड से दूरी रखें।
इसके अलावा, बच्चों को रोज खेलने, व्यायाम करने, पर्याप्त नींद लेने और स्वस्थ वजन बनाए रखने के लिए प्रोत्साहित करें। माता-पिता को कुछ लक्षणों पर ध्यान देना चाहिए, जैसे बार-बार प्यास लगना, बार-बार पेशाब आना, बिना कारण वजन कम होना, अत्यधिक भूख लगना और लगातार थकान महसूस होना। ऐसे लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से सलाह लें।
बच्चों में डायबिटीज की समय पर पहचान और सही इलाज बेहद जरूरी है। टाइप-1 डायबिटीज फिलहाल ठीक नहीं की जा सकती, लेकिन कुछ बच्चों में टाइप-2 डायबिटीज सही इलाज और लाइफस्टाइल में बदलाव से रिमिशन में जा सकती है। इसमें परिवार का सहयोग भी बहुत मायने रखता है।
