बिहार में 12 ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप, पटना में 5 लाख करोड़ निवेश की तैयारी; CM सम्राट चौधरी का ऐलान

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार 10 नवंबर को पटना के होटल ताज सिटी सेंटर में नगर विकास एवं आवास विभाग द्वारा आयोजित पटना नगर निगम के 200 करोड़ रुपये के म्युनिसिपल बॉन्ड की NSE में लिस्टिंग का शुभारंभ किया। यह बिहार में पहली बार पटना नगर निगम के बॉन्ड की NSE लिस्टिंग है और निवेशकों के बीच आशा बढ़ाने वाला कदम माना गया।

चौधरी ने कहा कि NSE में लिस्टिंग से 200 करोड़ रुपये की राशि शीघ्र प्राप्त होगी, जो बिहार के लिए एक महत्त्वपूर्ण उपलब्धि है. उन्होंने कहा कि बिहार ने ऐतिहासिक आर्थिक बदलाव देखे हैं; 2000 के बाद झारखंड के गठन से बिहार से लगभग 87 प्रतिशत राजस्व, 46 प्रतिशत भूमि और अधिकांश वन क्षेत्र अलग हो गया. ऐसी परिस्थितियों में वित्तीय सशक्तिकरण की आवश्यकता पर बल दिया गया.

उन्होंने कहा कि 2014 से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है और भारतीय अर्थव्यवस्था मजबूत हो रही है. जिस बिहार का बजट कभी लगभग 6 हजार करोड़ रुपये हुआ करता था, वह आज बढ़कर करीब 3.5 लाख करोड़ रुपये हो गया है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार की लगभग 14 करोड़ की आबादी राज्य की बड़ी ताकत है. देश में जीएसटी लागू होने के बाद पहली बार बिहार को अपनी बड़ी आबादी का आर्थिक लाभ मिला. वित्त आयोग के माध्यम से भी आबादी के अनुपात में राज्य को संसाधन प्राप्त हो रहे हैं. सरकार सामाजिक सुरक्षा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है. आज ही एक करोड़ 9 लाख से अधिक सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के बैंक खातों में 1205.91 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की गई है.

PPP मोड पर होगा 126 KM लंबी मरीन ड्राइव का निर्माण

उन्होंने कहा कि बेहतर सुविधाएं और मजबूत आधारभूत संरचना विकसित करने के लिए अधिक संसाधनों की जरूरत है. इसके लिए पीपीपी (पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप) मोड अपनाना जरूरी है. पटना में 26 किलोमीटर लंबे मरीन ड्राइव के निर्माण में 13 साल लगे और इसके लिए सरकारी खजाने से राशि खर्च की गई. अब हम 126 किलोमीटर लंबी मरीन ड्राइव का निर्माण पीपीपी मोड पर करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं, जिस पर लगभग 30 हजार करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है.

21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार आने वाले हैं. इस मौके पर कई महत्वपूर्ण MoU पर हस्ताक्षर किए जाएंगे, जिनमें बैटरी एवं पंप स्टोरेज सिस्टम से संबंधित परियोजनाएं भी शामिल हैं. इससे ऊर्जा क्षेत्र में लाखों करोड़ रुपये के निवेश की संभावनाएं बनेंगी.

संपन्न परिवारों से मुफ्त बिजली की सुविधा छोड़ने का आग्रह

मुख्यमंत्री ने संपन्न एवं सक्षम परिवारों से आग्रह किया कि वे सरकार द्वारा दी जा रही 125 यूनिट मुफ्त बिजली की सुविधा का लाभ छोड़कर अपने घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाएं. तीन किलोवाट सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने पर सरकार की ओर से लगभग 98 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है. उन्होंने बताया कि सौर ऊर्जा से उत्पादित बिजली सरप्लस होने पर सरकार उसे खरीदेगी.

सीएम सम्राट चौधरी ने पटना नगर निगम की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि म्युनिसिपल बॉन्ड से प्राप्त राशि का उपयोग ऐसी परियोजनाओं में किया जाना चाहिए, जिनसे नियमित रूप से राजस्व प्राप्त हो. बिहार के अन्य नगर निगमों को भी इस दिशा में पहल करनी चाहिए. विभिन्न विभागों को भी अपनी परिसंपत्तियों और संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए राजस्व सृजन के नए अवसर तलाशने चाहिए. उन्होंने कहा कि बॉन्ड और पीपीपी मोड के माध्यम से प्राप्त धनराशि को ऐसी परियोजनाओं में लगाया जाए, जिनसे आने वाले सालों में ऋण का भुगतान करने के बाद भी अतिरिक्त राजस्व प्राप्त हो सके.

उन्होंने कहा कि बिहार में नदियों से गाद निकालकर भी राजस्व अर्जित करने की योजना पर काम किया जाएगा. इससे एक ओर बाढ़ की समस्या से लोगों को राहत मिलेगी, वहीं दूसरी ओर आधारभूत संरचना के विकास को भी गति मिलेगी.

अस्पतालों को PPP मोड पर संचालित करने की दिशा में पहल

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में नवनिर्मित मेडिकल कॉलेज एवं अस्पतालों को पीपीपी मोड पर संचालित करने की दिशा में पहल की जाएगी और अनुभवी डॉक्टरों और मेडिकल क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों की सहायता ली जाएगी. ब्राउनफील्ड मॉडल के तहत नवनिर्मित मेडिकल कॉलेज एवं अस्पतालों के बेहतर संचालन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी.

12 ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप विकसित करने की परिकल्पना

उन्होंने कहा कि बिहार में 12 ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप विकसित करने की परिकल्पना की गई है. इनका नामकरण ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व के आधार पर किया गया है. पटना में प्रस्तावित पाटलिपुत्र टाउनशिप को व्यवस्थित रूप से विकसित करने से लगभग 5 लाख करोड़ रुपये के निवेश की संभावना है. आज लोग बेहतर सुविधाओं वाले सुंदर, व्यवस्थित और आधुनिक आवासीय क्षेत्रों में रहना चाहते हैं. इसी को ध्यान में रखते हुए राज्य में हाईराइज भवनों के निर्माण को भी प्रोत्साहित किया जाएगा.

मुख्यमंत्री ने नेशनल स्टॉक एक्सचेंज की टीम को बिहार आकर राज्य के विकास में सहयोग करने के लिए धन्यवाद दिया. उन्होंने पटना नगर निगम की पूरी टीम को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि सभी विभागों को अपनी कार्यप्रणाली व्यवस्थित और मजबूत बनानी चाहिए और राजस्व सृजन की दिशा में ठोस पहल करनी चाहिए. बिहार को समृद्ध और सक्षम बनाने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा.

ये भी पढ़ें: निशा भगत आत्महत्या मामले की जांच करेगी CBI, CM हेमंत सोरेन ने की सिफारिश

लेखक TV9 भारतवर्ष में बिहार और झारखंड के ब्यूरो हेड हैं. इसके पहले वर्षों तक न्यूज़18 में काम किया है. लगभग तीन दशक से टीवी पत्रकारिता में फील्ड, डेस्क और वर्षों तक एंकरिंग भी करते रहे हैं.

Source

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!