वॉशिंगटन, अमेरिका
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका ने अपने नागरिकों के लिए ईरान को लेकर नई सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। अमेरिकी प्रशासन ने नागरिकों से साफ तौर पर कहा है कि वे किसी भी कारण से ईरान की यात्रा न करें। वहीं, जो अमेरिकी नागरिक पहले से ईरान में मौजूद हैं, उन्हें तुरंत देश छोड़ने की सलाह दी गई है।
ईरान में अमेरिकी वर्चुअल दूतावास की ओर से जारी सुरक्षा अलर्ट में कहा गया कि क्षेत्र में सुरक्षा की स्थिति जटिल बनी हुई है। नागरिकों को संभावित उड़ान रद्द होने, एयरस्पेस बंद होने और सीमा पार करने से जुड़ी परेशानियों के लिए तैयार रहने को कहा गया है।
अमेरिकी मिशन ने ईरान में मौजूद नागरिकों से बेहद सतर्क रहने और एयरपोर्ट, एयरलाइन तथा सीमा चौकियों से जुड़ी गतिविधियों पर लगातार नजर रखने की अपील की है। एडवाइजरी में कहा गया है कि ईरान की जमीनी सीमाओं पर नियम बिना पूर्व सूचना के बदल सकते हैं।
अमेरिका ने ईरान समर्थित हूती समूहों की गतिविधियों का भी उल्लेख किया। अलर्ट में कहा गया कि इन समूहों की ओर से सऊदी अरब में हमले किए गए हैं और क्षेत्र में सैन्य टकराव बढ़ने की आशंका बनी हुई है।
अमेरिकी प्रशासन ने यह भी चेतावनी दी कि ईरान या उसके समर्थक समूह विदेशों में अमेरिकी हितों, संस्थानों और व्यवसायों को निशाना बना सकते हैं। नागरिकों को प्रदर्शनों, बड़ी भीड़ और भारी पुलिस मौजूदगी वाले क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
हवाई हमले की स्थिति में अमेरिकी नागरिकों को खिड़कियों और कांच के दरवाजों से दूर रहने तथा आधिकारिक सुरक्षा निर्देशों का पालन करने को कहा गया है। अमेरिका ने नागरिकों से आपात स्थिति में संपर्क आसान बनाने के लिए STEP कार्यक्रम में पंजीकरण कराने की भी अपील की है।
