हरिद्वार में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हादसे में चंडीगढ़ के चार किशोर कांवड़ यात्रियों की डूबने से मौत हो गई।
मृतकों में तीन युवक सेक्टर-30 और एक युवक सेक्टर-29 का निवासी बताया जा रहा है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सभी की उम्र 16 से 17 वर्ष के बीच थी। इस हादसे के बाद चंडीगढ़ में उनके परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
परिजनों के अनुसार, शुक्रवार देर रात सेक्टर-29 और सेक्टर-30 से कुछ युवक बाइक पर सवार होकर हरिद्वार कांवड़ लेने के लिए रवाना हुए थे। शुक्रवार शाम करीब 6:05 बजे परिवारों को हरिद्वार से फोन आया, जिसमें बताया गया कि चार युवक स्नान के दौरान पानी में डूब गए हैं और उनकी मौत हो चुकी है। सूचना मिलते ही परिवारों में चीख-पुकार मच गई।
सूत्रों के अनुसार मृतकों की पहचान नीतीश, शिवांशु, बिट्टू तथा सेक्टर-29 के एक अन्य युवक के रूप में हुई है। हादसे की खबर मिलते ही वार्ड नंबर-18 के पार्षद तरुण मेहता पीड़ित परिवारों के घर पहुंचे और शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर दुख साझा किया। भाजपा नेता दविंदर सिंह बबला और भाजपा नेता रवि रावत भी मौके पर पहुंचे तथा परिवारों को ढांढस बंधाया।
बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर यह हादसा हुआ, वहां गंग नहर किसी कारणवश बंद थी। हालांकि बीच-बीच में बने गहरे गड्ढों में पानी भरा हुआ था। चारों किशोर स्नान के लिए पानी में उतरे, लेकिन गहराई का अंदाजा नहीं लगने के कारण वे डूब गए। उनके साथ मौजूद अन्य साथियों ने घटना की जानकारी तुरंत परिवारों और स्थानीय प्रशासन को दी।
