पंचकूला (दक्ष): पंचकूला पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक डिलीवरी राइडर से मोबाइल फोन छीनने की वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल किया गया ई-रिक्शा भी बरामद कर लिया गया है।
सेक्टर-16/17 डिवाइडिंग रोड की घटना
जानकारी के अनुसार, 29 जुलाई की रात कृष्ण कुमार नाम का एक डिलीवरी राइडर सेक्टर-17 में ऑर्डर डिलीवर करने के बाद अपने घर लौट रहा था। सेक्टर-16/17 डिवाइडिंग रोड पर जब वह अपने मोबाइल में अगला ऑनलाइन ऑर्डर चेक करने के लिए रुका, तभी एक ई-रिक्शा उसके पास आकर रुका। ई-रिक्शा में चार युवक सवार थे, जिनमें से दो ने उतरकर कृष्ण कुमार को पकड़ा और उसका मोबाइल फोन छीनकर चारों मौके से फरार हो गए।
गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई
मामले की जांच करते हुए पुलिस चौकी सेक्टर-16 के इंचार्ज सिंहराज के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर 30 जुलाई को सेक्टर-17/18 पुलिया के पास से चारों आरोपियों को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान धर्मेंद्र, क्रिश, दीपू और सुनील के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत (जेल) में भेज दिया गया है।
