चंडीगढ़, पंजाब। पंजाब सरकार के राजस्व, पुनर्वास और आपदा प्रबंधन विभाग ने नक्शा योजना के तहत संविदा आधार पर नौ विभिन्न पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस भर्ती के लिए आवेदन करने की आखिरी तिथि 15 मई निर्धारित की गई है। इच्छुक और पात्र उम्मीदवार विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
सरकार द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, ये नौ पद राज्य कार्यक्रम प्रबंधन इकाई (SPSU) में विभिन्न तकनीकी और प्रबंधन से जुड़े हैं। इनमें प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर, विशेषज्ञ (भूमि प्रशासन), मैनेजर (भू-स्थानिक प्रौद्योगिकी), प्रोग्रामर (MIS और GIS डेवलपर), रिमोट सेंसिंग विश्लेषक, GIS तकनीकी विशेषज्ञ और डाटा एंट्री ऑपरेटर शामिल हैं।
पदों के लिए निर्धारित योग्यता भी अलग-अलग है। जैसे कि प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर के लिए इंजीनियरिंग, व्यवसाय प्रशासन, विकास अध्ययन या संबंधित क्षेत्र में मास्टर डिग्री या ग्रेजुएशन आवश्यक है। विशेषज्ञ पद के लिए न्यूनतम 10 वर्षों का अनुभव वाले सिविल सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी आवेदन कर सकते हैं। मैनेजर पद के लिए प्रासंगिक क्षेत्र में स्नातक डिग्री और GATE उत्तीर्णता जरूरी है। प्रोग्रामर और GIS विशेषज्ञ पदों के लिए आवश्यक शैक्षणिक योग्यताएं भी स्पष्ट की गई हैं।
आयु सीमा पदों के अनुसार 35 से 45 वर्ष रखा गया है, जबकि विशेषज्ञ पद के लिए अधिकतम उम्र 70 वर्ष निर्धारित की गई है। उम्मीदवारों का चयन विभिन्न चरणों जैसे कि स्किनिंग, शॉर्टलिस्टिंग, इंटरव्यू, मेरिट लिस्ट, शैक्षणिक योग्यता, अनुभव, स्किल टेस्ट और टाइपिंग टेस्ट के आधार पर किया जाएगा। चयनित उम्मीदवारों को 45,000 से 1,50,000 रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा।
आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन है और उम्मीदवार को सबसे पहले पंजाब राजस्व विभाग की वेबसाइट पर जाकर संबंधित पद के लिए रजिस्ट्रेशन करना होगा। इसके बाद फॉर्म भरकर आवश्यक दस्तावेज़ अपलोड करने होंगे और आवेदन को सबमिट करना होगा। उम्मीदवार आवेदन की कॉपी भविष्य के लिए सुरक्षित रख सकते हैं।
इस भर्ती से जुड़ी विस्तृत जानकारी के लिए पंजाब राजस्व विभाग की अधिसूचना अवश्य देखनी चाहिए। यह भर्ती योजना राज्य के नक्शा योजना अंतर्गत भूमि प्रशासन और भू-स्थानिक तकनीकों के क्षेत्र में दक्ष जनशक्ति को संगठित करने की एक महत्वपूर्ण पहल है।
