पत्नी एकमात्र नॉमिनी तो उसी को मिलेगी पूरी बीमा राशि, मध्य प्रदेश हाई कोर्ट का महत्वपूर्ण फैसला

जबलपुर, मध्य प्रदेश। मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने जीवन बीमा पॉलिसी में नामित व्यक्ति के अधिकारों को लेकर महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है। अदालत ने स्पष्ट किया कि यदि किसी व्यक्ति ने अपनी जीवन बीमा पॉलिसी में पत्नी को एकमात्र नॉमिनी बनाया है, तो निर्धारित कानूनी शर्तों के तहत पूरी बीमा राशि पर उसी का अधिकार होगा। अन्य परिजन केवल कानूनी वारिस होने के आधार पर बीमा राशि में हिस्सेदारी का दावा नहीं कर सकते।

न्यायमूर्ति विवेक जैन की एकलपीठ ने नरसिंहपुर निवासी मोनिका बड़गुर्जर की सिविल रिवीजन स्वीकार करते हुए यह फैसला सुनाया।

अधीनस्थ अदालत का आदेश बदला

मोनिका के पति ने अपने जीवनकाल में जीवन बीमा पॉलिसी ली थी, जिसमें उन्होंने पत्नी को एकमात्र नॉमिनी बनाया था। पति की मृत्यु के बाद उनके माता-पिता और बहन ने बीमा राशि सहित अन्य धनराशि में हिस्सेदारी का दावा किया था।

जिला अदालत ने पत्नी और मृतक की मां को बीमा राशि में बराबर हिस्सा देने का आदेश दिया था। पत्नी ने बीमा राशि से संबंधित इस आदेश को हाई कोर्ट में चुनौती दी।

बीमा अधिनियम की धारा 39(7) की व्याख्या

हाई कोर्ट ने बीमा अधिनियम, 1938 की धारा 39(7) के प्रावधानों की व्याख्या करते हुए कहा कि निर्धारित श्रेणी के परिजनों को नॉमिनी बनाए जाने पर उन्हें बीमा राशि पर लाभकारी अधिकार प्राप्त हो सकता है।

वर्ष 2015 में किए गए कानूनी संशोधन के तहत पति, पत्नी, माता-पिता और बच्चों को नामित किए जाने की स्थिति में विशेष अधिकार दिए गए हैं।

पत्नी को मिलेगा बीमा राशि का पूरा लाभ

अदालत ने संबंधित मामले में पत्नी को जीवन बीमा राशि की एकमात्र लाभार्थी माना। इसके साथ ही मृतक की मां को बीमा राशि में हिस्सा देने वाला आदेश बदल दिया गया।

हालांकि, नॉमिनी बनाए जाने के बाद विवाह या संतान के जन्म से नए कानूनी वारिस के अस्तित्व में आने जैसी परिस्थितियों में स्थिति अलग हो सकती है।

यह फैसला विशेष रूप से संबंधित जीवन बीमा पॉलिसी की राशि तक सीमित है। इसे मृतक की अन्य संपत्तियों और सभी वित्तीय लाभों पर स्वतः लागू नहीं माना जा सकता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!