बधवाना वितरिका निरीक्षण: श्रुति चौधरी ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए

चंडीगढ़, हरियाणा। हरियाणा की सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी ने बधवाना वितरिका पुनर्निर्माण परियोजना के तहत आरडी 66700 पर आरसीसी पाइपलाइन के निर्माण के कार्य को 15 जून तक पूर्ण करने के सख्त निर्देश अधिकारियों को दिये हैं। इस परियोजना के सफल समापन से न केवल किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधा मिलेगी, बल्कि आम जनता के लिए भी पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित होगी।

मंत्री श्रुति चौधरी ने सोमवार को परियोजना स्थल का अचानक निरीक्षण कर कार्य की प्रगति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कोई भी लंबित कार्य बाकी न रह जाने पाये और सभी कार्य तय समयसीमा के भीतर पूरे हो। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने इस परियोजना के लिए 41.30 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है, जिससे लगभग 35 गांव एवं चरखी दादरी शहर को लाभ मिलेगा।

श्री चौधरी ने बताया कि लगभग 23 लाख लोगों के जीवन में इस परियोजना के पूर्ण होने से सुधार होगा। इसमें 15 लाख शहरी और 80 हजार ग्रामीण नागरिकों को प्रत्यक्ष रूप से पेयजल आपूर्ति का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि बेहतर सिंचाई सुविधा से किसानों का उत्पादकता बढ़ेगी और ग्रामीण क्षेत्रों का विकास तेज़ होगा।

परियोजना के अंतर्गत आरडी 42500 से 66600 तक वन विभाग से संबंधित लंबित मामलों को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं ताकि निर्माण कार्य में कोई बाधा न आये। उन्होंने कहा कि 14 जल संयंत्रों और ग्रामीण तालाबों में जल की उपलब्धता बेहतर बनाने के प्रयास भी शामिल हैं, जो जल संरक्षण को बढ़ावा देंगे और पशुधन को भी मदद करेंगे।

श्री चौधरी ने कहा कि लोक नायक चौधरी बंसी लाल द्वारा लगभग पचास वर्ष पूर्व निर्मित बधवाना वितरिका हरियाणा की एक महत्वपूर्ण सिंचाई परियोजना रही है, जिसका अब आधुनिक तकनीकों के साथ पुनर्निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के सफल कार्यान्वयन से क्षेत्र में जल प्रबंधन मजबूत होगा और किसानों तथा ग्रामीण जनता के जीवन स्तर में सुधार आयेगा।

इस महत्वपूर्ण परियोजना के शीघ्र पूर्ण होने से प्रदेश के किसानों तथा निवासियों को एक स्थायी और समृद्ध जल आपूर्ति प्रणाली उपलब्ध होगी, जिससे क्षेत्रीय कृषि और विकास में नया आयाम जुड़ सकेगा।

Source

error: Content is protected !!