राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने 14 नवंबर 2026 को SHRESHTA (NETS) 2027 के तहत दाखिले के लिए नोटिफिकेशन जारी कर दिया है और ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। इस योजना के जरिए अनुसूचित जाति (SC) और डी-नोटिफाइड ट्राइब्स (DNT) वर्ग के छात्रों को देश के टॉप प्राइवेट आवासीय स्कूलों में कक्षा 9वीं और 11वीं में पढ़ने का मौका मिलेगा। आवेदन की आखिरी तारीख 30 नवंबर 2026 रात 11:50 बजे तक तय की गई है।
SHRESHTA 2027 में आवेदन कहां और कैसे करें?
इच्छुक उम्मीदवार NTA की आधिकारिक वेबसाइट exams.nta.nic.in/shreshta पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इस योजना में आवेदन और प्रवेश परीक्षा, दोनों के लिए कोई फीस नहीं देनी होगी। यह योजना सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की ओर से चलाई जा रही है। चयनित छात्रों की पढ़ाई का पूरा खर्च केंद्र सरकार उठाएगी।
कितने छात्रों को मिलेगा दाखिला?
साल 2027 में इस योजना के तहत लगभग 2,400 छात्रों को टॉप प्राइवेट आवासीय स्कूलों में पढ़ने का अवसर मिलेगा। इनमें अनुसूचित जाति वर्ग के 2,160 और डी-नोटिफाइड ट्राइब्स के 240 छात्र शामिल होंगे। योजना का मकसद प्रतिभाशाली छात्रों को बेहतर शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराना है। चयनित छात्रों को पढ़ाई के लिए अपनी जेब से एक रुपया भी नहीं देना होगा।
कौन कर सकता है आवेदन, क्या हैं शर्तें?
इस योजना का लाभ केवल निर्धारित SC और DNT कैटेगरी के स्टूडेंट्स ले सकते हैं। आवेदन करने वाले छात्र के माता-पिता की सालाना आय 2.5 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। कक्षा 9वीं में दाखिले के लिए स्टूडेंट का 8वीं कक्षा में पढ़ना जरूरी है, जबकि कक्षा 11वीं में प्रवेश के लिए छात्र का 10वीं में होना चाहिए।
कक्षा 9वीं और 11वीं के लिए उम्र सीमा क्या है?
NTA ने दोनों कक्षाओं के स्टूडेंट्स की जन्मतिथि भी तय की है। कक्षा 9वीं में प्रवेश के इच्छुक छात्र का जन्म 1 अप्रैल 2011 से 31 मार्च 2015 के बीच होना चाहिए। वहीं, कक्षा 11वीं में दाखिले के लिए छात्र की जन्मतिथि 1 अप्रैल 2009 से 31 मार्च 2013 के बीच निर्धारित की गई है। सिर्फ इन तारीखों के दायरे में आने वाले कैंडिडेट्स ही आवेदन कर सकेंगे।
SHRESHTA 2027 की महत्वपूर्ण तारीखें
NTA ने प्रवेश प्रक्रिया का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है। आवेदन फॉर्म में सुधार के लिए 2 से 4 दिसंबर 2026 तक का मौका मिलेगा। परीक्षा के लिए सिटी स्लिप 20 दिसंबर 2026 को जारी होगी और एडमिट कार्ड 3 जनवरी 2027 को जारी किए जाएंगे। SHRESHTA 2027 की प्रवेश परीक्षा 10 जनवरी 2027 को आयोजित की जाएगी।
परीक्षा का पैटर्न और मार्किंग स्कीम
प्रवेश परीक्षा 10 जनवरी 2027 को दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक पेन-पेपर मोड में होगी। इसमें कुल 100 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे, जिनके लिए 400 अंक निर्धारित हैं। मैथ्स, साइंस, सोशल साइंस और सामान्य जागरूकता विषयों से 25-25 प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी और पेपर हिंदी व अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध रहेगा। उम्मीदवारों को आवेदन से पहले अपनी कैटेगरी, आय और जन्मतिथि से जुड़ी जानकारी जरूर जांच लेनी चाहिए।
