RSS प्रमुख मोहन भागवत बोले- जाति, भाषा और क्षेत्रवाद छोड़कर एकजुट हो समाज

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत ने देश की आजादी, भारतीय संस्कृति, सामाजिक एकता और राष्ट्र निर्माण पर बड़ा संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि आजादी के इतने वर्षों बाद भी देश उस मुकाम तक नहीं पहुंच पाया है, जहां उसे होना चाहिए था। भागवत ने जाति, भाषा और क्षेत्रवाद को समाज को बांटने वाला बताया।

उन्होंने कहा कि अंग्रेजों ने भारतीय समाज को मानसिक रूप से कमजोर करने के लिए हमारी शिक्षा और संस्कृति को प्रभावित किया। जाति, भाषा और क्षेत्रवाद का नशा समाज को बांटने का काम कर रहा है। इन सबसे ऊपर उठकर ही सुखी और संगठित समाज का निर्माण संभव है।

मोहन भागवत का परोपकार और सेवा पर जोर

संघ प्रमुख ने कहा कि भारत की पहचान परोपकार और सेवा की भावना रही है। हमारा स्वभाव दो हाथों से कमाने और हजार हाथों से बांटने का रहा है। लेकिन समय के साथ समाज इस भावना को भूलता जा रहा है।

उन्होंने कहा कि संघ का उद्देश्य संपूर्ण समाज को संगठित करना और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी का भाव जगाना है। समाज का आचरण वातावरण से बदलता है। यदि देश के लिए समर्पित, निर्मल चरित्र और अनुशासन से युक्त लोग समाज के बीच खड़े हों तो देश का वातावरण बदल सकता है।

कौरवों-पांडवों का उदाहरण, एकता की सीख

मोहन भागवत ने कौरवों और पांडवों का उदाहरण देते हुए कहा कि आपसी विवाद के बावजूद पांडवों ने एकता बनाए रखी। जबकि कौरवों की आपसी लड़ाई उनके पतन का कारण बनी। उन्होंने चेताया कि आज भी भारत को बांटने और समाज में आपसी संघर्ष पैदा करने वाली शक्तियां सक्रिय हैं।

उन्होंने आह्वान किया कि समय नाजुक है, लेकिन यदि सभी एकजुट होकर खड़े हों तो बड़ी से बड़ी चुनौती को पराजित किया जा सकता है। शाखा से जुड़ें, सामाजिक कार्यों में सहयोग करें और जहां हैं, वहीं निस्वार्थ भाव से देश के लिए काम करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि संघ का एक ही लक्ष्य है भारत माता की जय।

सामाजिक विभाजन और फूट डालो की नीति पर चिंता

भागवत ने चिंता जताते हुए कहा कि आज भी कुछ वैश्विक और आंतरिक ताकतें नहीं चाहतीं कि भारत एक महान राष्ट्र और विश्व का मार्गदर्शक बने। अंग्रेजों की पुरानी नीतियों की तरह ही आज भी जाति, भाषा और क्षेत्रवाद जैसी छोटी पहचानों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जा रहा है, ताकि समाज के विभिन्न वर्गों के बीच आपसी संघर्ष पैदा हो।

उन्होंने कहा कि इन संकीर्णताओं से ऊपर उठकर ही एक सुखी और संगठित समाज का निर्माण संभव है। संघ की शाखाओं में होने वाले कार्यक्रम व्यक्ति निर्माण के साथ राष्ट्र चरित्र निर्माण का माध्यम हैं। भारत को विश्वगुरु बनाने के लिए केवल किसी एक नेता, दल या संगठन के प्रयास काफी नहीं हैं, बल्कि पूरे समाज को जागृत होना होगा।

Source

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!