लखनऊ के चर्चित कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। हजरतगंज स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट में श्रद्धा दुबे के फ्लैट और बालकनी में क्राइम सीन रीक्रिएशन कराया गया, जहां एक पुतले को तीन अलग-अलग तरीकों से चौथी मंजिल से नीचे गिराया गया। इसका मकसद 9 अक्टूबर को शिवा शर्मा की मौत की परिस्थितियों को समझना है। पुलिस अब फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
क्राइम सीन रीक्रिएशन में पुतले को तीन तरीकों से गिराया
पुलिस, फॉरेंसिक विशेषज्ञों और डॉक्टरों की मौजूदगी में यह प्रक्रिया पूरी की गई। मुख्य विवेचक और दो सह विवेचक भी मौजूद रहे। टीम ने फ्लैट के अंदर से बालकनी तक का बारीकी से निरीक्षण किया। अलग-अलग तरीकों से पुतला गिराकर यह समझने की कोशिश की गई कि गिरने की स्थिति में शरीर की दिशा और स्थिति कैसी हो सकती थी।
हत्या, आत्महत्या या हादसा—तीनों पहलुओं पर जांच
शिवा शर्मा की मौत को लेकर शुरू से कई सवाल उठ रहे हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि वह चौथी मंजिल से खुद गिरा था या उसे गिराया गया। पुलिस तीन अलग-अलग परिस्थितियों में पुतला गिराकर साक्ष्यों और संभावित घटनाक्रम के बीच संबंध समझने की कोशिश कर रही है। हालांकि, केवल क्राइम सीन रीक्रिएशन से मौत की वजह तय नहीं होगी; फॉरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों का मिलान किया जाएगा।
तीन आरोपी जेल में, हत्या का मुकदमा दर्ज
इस मामले में शिवा शर्मा की लिव-इन पार्टनर श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर तनवीर अली उर्फ दानिश के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज है। तीनों आरोपी लखनऊ जेल में बंद हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ के साथ अन्य साक्ष्य भी जुटा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
9 अक्टूबर को हुई थी शिवा शर्मा की मौत
9 अक्टूबर को हजरतगंज के बालू अड्डा स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरकर अलीगंज निवासी कारोबारी शिवा शर्मा की मौत हो गई थी। 10 अक्टूबर को शिवा की मां रंजना शर्मा की शिकायत पर हजरतगंज थाने में श्रद्धा दुबे, रश्मि दुबे, तनवीर अली उर्फ दानिश, आदिल और अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई थी।
आरोपियों की गिरफ्तारी तक की घटनाक्रम
- 13 अक्टूबर: श्रद्धा दुबे, रश्मि दुबे और दानिश पर 25-25 हजार रुपए का इनाम घोषित।
- 15 अक्टूबर: सोशल मीडिया पर श्रद्धा के वीडियो आए, जिनमें उसने मौत को आत्महत्या बताया और खुद को निर्दोष कहा।
- 16 अक्टूबर: पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए नेपाल पुलिस से मदद मांगी।
- 17 अक्टूबर: श्रद्धा, रश्मि और दानिश के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी।
- 18 अक्टूबर: आरोपियों के परिजनों से पूछताछ, इनाम की राशि बढ़ाकर 50-50 हजार रुपए।
- 20 अक्टूबर: लखनऊ पुलिस और यूपी एसटीएफ ने नागपुर से तीनों को गिरफ्तार किया।
- 21 अक्टूबर: तीनों को नागपुर कोर्ट में पेश किया गया; एसटीएफ ने आदिल को भी गिरफ्तार किया।
- 22 अक्टूबर: तीनों को लखनऊ कोर्ट में पेश किया गया, न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया।
- 31 अक्टूबर: तीनों की न्यायिक हिरासत 13 नवंबर तक बढ़ाई गई।
- 13 नवंबर: श्रद्धा दुबे की न्यायिक हिरासत 26 नवंबर तक बढ़ाई गई।
फॉरेंसिक रिपोर्ट से खुल सकते हैं मौत के राज
पुलिस अब तक कई स्तरों पर जांच कर चुकी है। आरोपियों की गिरफ्तारी, पूछताछ और घटनास्थल की जांच के बाद क्राइम सीन रीक्रिएशन कराया गया। पुतले को तीन अलग-अलग तरीकों से गिराकर पुलिस ने घटना के समय की परिस्थितियों को समझने की कोशिश की है। अब विशेषज्ञों की रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके आधार पर जांच आगे बढ़ेगी।
