तुर्की की 27 साल की उद्यमी गोकचे गुवेन को अमेरिका में 25 महीने की जेल की सजा सुनाई गई है। उन पर आरोप है कि उन्होंने अपने टेक स्टार्टअप ‘काल्डर’ के बारे में झूठे आंकड़े दिखाकर करीब 70 लाख डॉलर की धोखाधड़ी की। 2025 में गुवेन फोर्ब्स की ’30 अंडर 30′ सूची के कवर पेज पर भी आई थीं।
निवेशकों को दी गई फर्जी तस्वीर
अप्रैल 2024 में गुवेन ने काल्डर स्टार्टअप के लिए सीड फंडिंग जुटाई। उन्होंने ऐसा पिच डेक तैयार किया जिसमें दिखाया गया कि 26 ब्रांड कंपनी की सेवाएं उपयोग कर रहे हैं और 53 ब्रांड फ्रीमियम मॉडल से जुड़े हैं। लेकिन जांच में पता चला कि कई ब्रांडों के साथ सिर्फ सीमित पायलट प्रोग्राम थे और कुछ के साथ कोई असल समझौता नहीं था।
गुवेन ने दस्तावेज़ों में कंपनी के वाणिज्यिक आंकड़ों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया। निवेशकों को बताया गया कि काल्डर का सालाना रेवेन्यू 12 लाख डॉलर तक पहुंच गया है और माहाना तेजी से बढ़ रहा है। साथ ही, एक फर्जी ब्रांड पार्टनर के साथ कॉन्ट्रैक्ट भी दिखाया गया। इस धोखाधड़ी में करीब एक दर्जन से अधिक निवेशक शामिल हुए।
वीजा धोखाधड़ी के आरोप
गुवेन के स्टूडेंट वीजा खत्म होने के बाद काल्डर ने उनका O-1A वीजा स्पॉन्सर किया। इसमें कंपनी ने उनके कारोबारी आंकड़ो और उपलब्धियां वही पेश कीं जो निवेशकों को दिखाई गई थीं। इसके अलावा, जांच में पता चला कि बिजनेस एग्जीक्यूटिव्स के नाम पर रेफरेंस लेटर बिना उनकी अनुमति के बनाए गए थे। 2025 की शरद ऋतु में यह वीजा मिला लेकिन बाद में रद्द कर दिया गया।
अमेरिकी अटॉर्नी जेमी मैकडोनाल्ड के अनुसार, गुवेन ने नकली आंकड़े दिखाकर न सिर्फ निवेशकों को ठगा बल्कि इमिग्रेशन में भी गलत काम किया।
अदालत ने उन्हें 25 महीने की जेल की सजा सुनाई है और 6,717,997 डॉलर हर्जाना लौटाने का आदेश दिया है। इस पैसे को पीड़ित निवेशकों को भुगतान करना होगा।
फोर्ब्स के कवर पेज पर आने वाली गुवेन की कहानी स्टार्टअप दुनिया के लिए गंभीर सबक बन गई है। यह मामला दर्शाता है कि कारोबार की चमक-दमक के पीछे अगर आंकड़ों की सच्चाई न हो तो बड़ी कानूनी कार्रवाई हो सकती है।
विशेषज्ञों के अनुसार, निवेशकों को हमेशा कंपनी के वित्तीय और व्यावसायिक दावों की स्वतंत्र जांच करनी चाहिए ताकि इस तरह की धोखाधड़ी से बचा जा सके।
अमेरिकी न्यायपालिका ने कहा है कि गुवेन के खिलाफ यह सजा अन्य निवेशकों और उद्यमियों के लिए चेतावनी है कि वे धोखाधड़ी से बचें और ईमानदारी से काम करें।
