नेटफ्लिक्स के लोकप्रिय कॉमेडी शो ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ के सीजन 5 में पूर्व क्रिकेटर सुनील गावस्कर और रवि शास्त्री साथ में नजर आएंगे। इस एपिसोड में दोनों क्रिकेट से जुड़े दिलचस्प किस्से, ड्रेसिंग रूम की मजेदार बातें और अपने क्रिकेट करियर की यादें साझा करेंगे। खास बात यह है कि रवि शास्त्री पहली बार इस शो का हिस्सा बन रहे हैं।
विराट-अनुष्का के रोमांस का किस्सा
शो के प्रोमो में रवि शास्त्री ने क्रिकेटरों की पत्नियों और गर्लफ्रेंड्स को स्टेडियम में आने की अनुमति देने का पक्ष रखा। उन्होंने विराट कोहली और अनुष्का शर्मा के मैदान पर हुए एक खास रोमांटिक पल का जिक्र किया। रवि के अनुसार, एक मैच के दौरान जब अनुष्का विराट को सपोर्ट करने आई थीं, तो विराट ने शतक बनाने के बाद पठान की तरह कूदकर बल्ले से उन्हें फ्लाइंग किस दी। रवि शास्त्री ने कहा, “मैच शुरू हुआ और विराट ने 107 रन बनाए, और 100 रन पर गेंद उठा के अनुष्का को किस किया।”
गावस्कर का बिना हेलमेट खेलने का साहस
कपिल शर्मा के शो में नवजोत सिंह सिद्धू ने गावस्कर से सवाल किया कि वह बिना हेलमेट कैसे खेल पाते थे। गावस्कर ने मजाकिया अंदाज में जवाब दिया, “क्योंकि अंदर कुछ नहीं था।” यह जवाब सुन सभी हंस पड़े। गावस्कर ने आगे कहा कि भारत के लिए खेलना बहुत बड़ा सम्मान होता है, इसलिए उसमें अपनी जान भी दांव पर लगाने को तैयार होना चाहिए। रवि शास्त्री ने यह भी बताया कि कई खिलाड़ियों को अपनी गर्लफ्रेंड्स से सपोर्ट की जरूरत होती थी।
वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाजों का सामना बिना हेलमेट कैसे किया जाता था, इस सवाल पर गावस्कर ने बताया कि उस समय खेलना अलग ही जज्बा होता था। उन्होंने कहा कि भारत के लिए खेलना सौभाग्य की बात थी और जोखिम उठाना जरूरी था।
नवजोत सिंह सिद्धू ने भी अपने शुरुआती दिनों का जिक्र करते हुए बताया कि जब उन्होंने 18 साल की उम्र में भारतीय टीम में जगह बनाई थी, तो उन्हें कप्तान रवि शास्त्री के साथ कमरा शेयर करना पड़ा था। सिद्धू ने याद किया कि रवि शास्त्री अक्सर उन्हें कमरे से बाहर जाने के लिए कहते थे।
शो में गावस्कर ने अपने संन्यास के कारणों पर भी बातचीत की। इस बीच, कॉमेडी का तड़का भी लगा जब सुनील ग्रोवर ने कपिल देव के लुक में रवि शास्त्री के पीछे खड़े होकर मजाकिया टिप्पणी की।
इस एपिसोड में गावस्कर और शास्त्री के क्रिकेट के पुराने किस्से और उनकी जोड़ी दर्शकों को खूब हंसाएगी। कपिल शर्मा और अन्य मेहमानों के साथ मजेदार पल इस शो की झलकियां बढ़ाते हैं।
‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ का यह खास एपिसोड शनिवार रात 8 बजे नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगा, जहां दर्शक क्रिकेट की दुनिया के कुछ अनमोल क्षणों का आनंद ले सकेंगे।
