फ्लाईदुबई विमान में मची अफरा-तफरी, यात्रियों ने बताया- कॉकपिट में 20-25 मिनट तक चली जिंदगी और मौत की जंग

नई दिल्ली, दिल्ली

फ्लाईदुबई की उड़ान एफजेड-1073 में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब विमान अचानक तेजी से नीचे की ओर जाने लगा। शुरुआत में यात्रियों को लगा कि विमान तेज टर्बुलेंस में फंस गया है, लेकिन बाद में उन्हें पता चला कि कॉकपिट में पायलट और को-पायलट के बीच गंभीर झड़प चल रही थी।

यात्री अल्मोग इटली ने बताया कि विमान करीब 20 से 30 सेकेंड तक तेजी से नीचे गया। इसके बाद विमान संभला, लेकिन कुछ ही देर में दोबारा नीचे जाने लगा। इस दौरान यात्रियों में डर फैल गया और कई लोग विमान के आगे के हिस्से की ओर जाने लगे। कॉकपिट के आसपास भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

यात्रियों के मुताबिक, रिजर्व क्रू ने विमान का नियंत्रण संभालने और उसे संतुलित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इटली ने बताया कि स्थिति बेहद डरावनी थी, हालांकि ज्यादातर यात्रियों ने शांत रहने की कोशिश की और एक-दूसरे का सहयोग किया।

को-पायलट को काबू करने वाले तीन इजरायली नागरिकों में शामिल जिका मानेस ने इजरायली चैनल-12 को बताया कि कथित हमलावर को काबू करने में करीब 20 से 25 मिनट लगे। उनके मुताबिक, स्थिति बेहद मुश्किल थी और उन्होंने तत्काल कार्रवाई की।

एक अन्य यात्री ने बताया कि हाथापाई के दौरान चीखें सुनाई दे रही थीं और कॉकपिट के बाहर खून दिखाई दिया। कुछ यात्रियों ने इस घटना को बेहद भयावह बताते हुए कहा कि उन्हें लगा कि विमान दुर्घटनाग्रस्त होने वाला है।

यात्री मिरियम ओहायोन के मुताबिक, उड़ान के दौरान कुछ ही मिनटों में विमान पूरी तरह बेकाबू महसूस होने लगा। उन्होंने बताया कि कॉकपिट का दरवाजा खुलने पर वहां खून दिखाई दिया।

एक अन्य जानकारी के अनुसार, यह घटना टेकऑफ के करीब दो घंटे बाद शुरू हुई। बाथरूम से लौट रहे एक यात्री ने कॉकपिट के भीतर कथित हाथापाई देखी और अन्य यात्रियों को सतर्क किया। यात्रियों के अनुसार, कॉकपिट से मदद के लिए आवाजें भी सुनाई दीं।

घटना के बाद विमान को सऊदी अरब में सुरक्षित उतारा गया, जहां यात्रियों के लिए मेडिकल स्टाफ और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की गई। घटना को लेकर जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!