चंडीगढ़, पंजाब
पंजाब में ED का बड़ा छापा, पटियाला के DM Web Solution कॉल सेंटर से लेकर मोहाली तक जांच
पंजाब में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बुधवार को पटियाला और मोहाली में बड़ी कार्रवाई की। ईडी की टीमों ने पटियाला के अर्बन एस्टेट फेज-2 स्थित डीएम वेब सॉल्यूशन के कार्यालय और मोहाली सेक्टर-82 ए स्थित एक परिसर में छापेमारी की। मोहाली में हुई कार्रवाई को कथित तौर पर एक आईपीएस अधिकारी से जुड़े स्थान से संबंधित बताया जा रहा है।
पटियाला में ईडी की कार्रवाई अर्बन एस्टेट फेज-2 के एससीओ नंबर 29 में स्थित डीएम वेब सॉल्यूशन के कार्यालय में हुई। यहां कॉल सेंटर का संचालन किया जाता था। जानकारी के अनुसार ईडी के अधिकारी सुबह दो वाहनों में मौके पर पहुंचे। इसके बाद कार्यालय को जांच के दायरे में लेते हुए लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई।
मौके पर करीब 15 से 20 अधिकारियों के मौजूद होने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि यह कॉल सेंटर दिन और रात दोनों समय संचालित होता था। ईडी की टीम कार्यालय में मौजूद रिकॉर्ड, दस्तावेजों और अन्य संबंधित जानकारियों की जांच कर रही है।
इस कार्रवाई के पीछे विदेश में हुए कथित बड़े वित्तीय लेनदेन की जांच को अहम कड़ी माना जा रहा है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार जांच एजेंसी को करीब 250 से 300 करोड़ रुपये के विदेश में हुए कथित ट्रांजेक्शन से संबंधित इनपुट मिला था। इसी इनपुट के आधार पर पंजाब में कुछ परिसरों की जांच किए जाने की बात सामने आई है।
मोहाली में सेक्टर-82 ए के प्लॉट नंबर 2010 पर भी ईडी की टीम ने कार्रवाई की। इस स्थान को कथित तौर पर एक आईपीएस अधिकारी से संबंधित बताया जा रहा है। जांच एजेंसी दोनों स्थानों के बीच किसी संभावित वित्तीय या कारोबारी संबंध की भी पड़ताल कर रही है।
जानकारी के अनुसार मोहाली स्थित कार्यालय की मालकिन के भाई का पटियाला में डीएम वेब सॉल्यूशन के नाम से कार्यालय बना हुआ था। इसी कार्यालय के जरिए कथित लेनदेन किए जाने की जांच की जा रही है।
बताया जा रहा है कि डीएम वेब सॉल्यूशन का कार्यालय पहले फ्लाइंग फेदर के नाम से संचालित होता था। पिछले कुछ महीनों में इसका नाम बदल दिया गया। इसके बाद फ्लाइंग फेदर का कार्यालय पटियाला की छोटी बरादरी में बनाया गया, लेकिन वह कार्यालय भी कुछ समय से बंद बताया जा रहा है।
ईडी की छापेमारी के बाद दोनों जिलों में संबंधित परिसरों के आसपास गतिविधियां बढ़ गईं। फिलहाल जांच जारी है और एजेंसी की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आने का इंतजार है।
