विदेश भागे गैंगस्टरों पर पंजाब सरकार का बड़ा एक्शन, लॉरेंस बिश्नोई गैंग के करीबियों पर भी कार्रवाई


चंडीगढ़, पंजाब

पंजाब में नशों और गैंगस्टरवाद के खिलाफ चल रहे अभियान को लेकर आम आदमी पार्टी की सरकार ने विदेश भागे अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई तेज करने का दावा किया है। आप पंजाब के मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने मंगलवार को कहा कि पंजाब पुलिस अब तक विदेशों से एक दर्जन से ज्यादा गैंगस्टरों को वापस ला चुकी है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में बलतेज पन्नू ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार ने सत्ता में आने के बाद नशों और गैंगस्टरों के खिलाफ कार्रवाई को प्राथमिकता दी। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस को आधुनिक तकनीक और उन्नत उपकरणों से लैस किया गया है, जिससे अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई का दायरा बढ़ा है।

उन्होंने बताया कि पुलिस की कार्रवाई अमेरिका, दुबई, मलेशिया और मोल्दोवा तक पहुंची है। वापस लाए गए गैंगस्टरों में सचिन बिश्नोई, मनप्रीत सिंह उर्फ पीता, रमनजीत सिंह उर्फ रोमी, परमिंदर सिंह उर्फ पिंडी, अनमोल बिश्नोई, अमृतपाल उर्फ मेहरो, गुरविंदर सिंह और जोबनदीप सिंह उर्फ जोबन बिल्ला के नाम शामिल हैं।

बलतेज पन्नू ने कहा कि अनमोल बिश्नोई को अमेरिका से वापस लाया गया, जबकि अमृतपाल उर्फ मेहरो को दुबई और गुरविंदर सिंह को मलेशिया से वापस लाया गया। उन्होंने यह भी बताया कि एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स की टीम हाल ही में अमृतपाल उर्फ अमृत ढल्लम को मोल्दोवा से वापस लाई।

इसी क्रम में लॉरेंस बिश्नोई के करीबी बताए जा रहे करमवीर सिंह उर्फ करमवीर देव की वापसी का भी जिक्र किया गया। बलतेज पन्नू के अनुसार करमवीर देव को कनाडा से डिपोर्ट किया गया है। दिल्ली एयरपोर्ट पर गिरफ्तारी के बाद उसे पंजाब लाने की प्रक्रिया जारी है।

बलतेज पन्नू ने कहा कि सरकार का संदेश स्पष्ट है कि पंजाब में अपराध करने के बाद विदेश भागकर कानून से बचना आसान नहीं होगा। उन्होंने कहा कि पुलिस लगातार आपराधिक नेटवर्क पर कार्रवाई कर रही है।

उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाया कि वह सरकार की कार्रवाई को नजरअंदाज कर राजनीतिक मुद्दे उठाने में लगा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!