बुलंदशहर में एलएलबी छात्र अंकुर हत्याकांड का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल, 25 हजार का इनाम था घोषित

Bulandshahr, Uttar Pradesh

बुलंदशहर के खुर्जा में एलएलबी के अंतिम वर्ष के छात्र अंकुर चौधरी की हत्या के मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी चेतन को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। रविवार रात हुई मुठभेड़ में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी। पुलिस ने उसके कब्जे से तमंचा, दो खोखे, एक जिंदा कारतूस और बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है।

सीओ खुर्जा शोभित कुमार अत्री के अनुसार, 20 अगस्त को बिजलीघर नंबर-4 के पास कार सवार कुछ लोगों ने मुरारी नगर निवासी एलएलबी छात्र अंकुर चौधरी पर लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला किया था। हमले में अंकुर गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां शनिवार को नोएडा के फोर्टिस अस्पताल में उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद अनिल शर्मा उर्फ पुन्ना की तहरीर पर पुलिस ने सात नामजद और छह अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। मामले में फायरिंग का आरोप भी लगाया गया था। घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।

पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान चेतन निवासी बगरई खुर्द का नाम भी सामने आया। इसके बाद उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया।

रविवार रात कोतवाली पुलिस और स्वाट टीम समसपुर चौकी क्षेत्र के गांव कमालपुर के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बुलेट सवार एक युवक को रोकने का प्रयास किया गया। वह जंगल की ओर भागने लगा। पुलिस ने पीछा किया तो आरोपी ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लगी।

घायल चेतन को अस्पताल ले जाया गया। पूछताछ में उसकी पहचान चेतन निवासी बगरई खुर्द के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार उस पर पहले से करीब पांच मुकदमे दर्ज हैं।

अंकुर हत्याकांड में लाखन, भूपेंद्र और निशांत को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि करन ने अदालत में आत्मसमर्पण किया था। अब चेतन की गिरफ्तारी के बाद पुलिस फरार अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!