दिल्ली में अचानक बदला मौसम, तेज बारिश से भीगी राजधानी; आज भी वर्षा के आसार

नई दिल्ली, दिल्ली। राजधानी दिल्ली में सोमवार को मौसम ने अचानक करवट लेकर लोगों को हैरान कर दिया। मौसम विभाग ने पहले कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना जताई थी, लेकिन दोपहर होते-होते मौसम पूरी तरह बदल गया और कई इलाकों में तेज बारिश शुरू हो गई। बाद में स्थिति को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी करना पड़ा। अप्रत्याशित बारिश ने एक बार फिर मौसम के पूर्वानुमान को लेकर सवाल खड़े कर दिए।

सुबह के समय राजधानी में मौसम सामान्य दिखाई दे रहा था। पूर्वाहन करीब 11 बजे तक बादलों की आंशिक आवाजाही के बीच धूप भी खिली हुई थी। लोगों को तेज बारिश की कोई खास संभावना नजर नहीं आ रही थी, लेकिन कुछ ही मिनटों में आसमान में घने काले बादल छा गए। इसके बाद तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश का यह दौर रुक-रुककर देर शाम तक जारी रहा।

हालांकि सबसे अधिक बारिश दोपहर 12 बजे से एक बजे के बीच हुई। सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक के आंकड़ों में जनकपुरी में सर्वाधिक 72.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। आयानगर में 70 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई और यह दूसरा सबसे अधिक बारिश वाला इलाका रहा। वहीं, पालम में 58.2 मिमी बारिश दर्ज की गई।

तेज बारिश का असर राजधानी के तापमान पर भी पड़ा। सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 1.8 डिग्री कम 32.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.4 डिग्री अधिक 27.8 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी का स्तर 78 से 100 प्रतिशत के बीच दर्ज किया गया, जिससे लोगों को उमस भी महसूस हुई।

मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को भी दिल्ली में हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। बुधवार से बारिश की गतिविधियां कुछ कम हो सकती हैं और तापमान में बढ़ोतरी के आसार हैं। मौसम के लगातार बदलते स्वरूप को जलवायु परिवर्तन और वैश्विक मौसमी बदलावों के प्रभाव से जोड़कर देखा जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि बदलती जलवायु परिस्थितियों के कारण मौसम का अनुमान लगाना पहले की तुलना में अधिक चुनौतीपूर्ण होता जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!