नई दिल्ली, दिल्ली
दिल्ली के संगम विहार में पति की हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। 55 वर्षीय मुन्ना लाल की हत्या के आरोप में उनकी पत्नी मंजू उर्फ नाजिया और उसके कथित प्रेमी चमन को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने चमन के दोस्त किशन को भी आरोपितों की मदद करने के आरोप में हिरासत में लिया है।
पुलिस के मुताबिक, हत्या के पीछे संपत्ति पर कब्जे की साजिश सामने आई है। आरोप है कि मंजू ने चमन के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की योजना बनाई थी। चमन को कथित तौर पर हत्या के बदले पांच लाख रुपये देने का वादा किया गया था। वारदात वाली रात उसे 20 हजार रुपये एडवांस दिए गए।
चोरी की कहानी बताकर पुलिस को किया गुमराह
घटना के बाद मंजू ने पुलिस को बताया कि घर में चोरी हुई है। सोमवार तड़के पुलिस को रतिया मार्ग पर एक व्यक्ति के खून से लथपथ पड़े होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने मुन्ना लाल को एम्स ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने हत्या की जांच शुरू की तो घर में चोरी की कहानी पर संदेह हुआ। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इसमें एक नकाबपोश व्यक्ति रात करीब 1:45 बजे घर में प्रवेश करता और करीब 3:15 बजे बाहर निकलता दिखाई दिया।
जांच के बाद उसकी पहचान चमन के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने मंजू की कॉल डिटेल की जांच की। पुलिस के अनुसार, वारदात वाली रात चमन ने मंजू को 65 बार फोन किया था। इसके बाद पूछताछ में दोनों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने हत्या की साजिश का खुलासा किया।
नींद की गोली के बाद हत्या का आरोप
पुलिस के अनुसार, चमन ने नींद की गोलियां लाकर दी थीं। इन्हें मुन्ना लाल के खाने में मिलाकर दिया गया। आरोप है कि जब वह गहरी नींद में चले गए तो दोनों ने उन पर हमला किया। पुलिस के मुताबिक, हत्या में रस्सी और बिजली के करंट का इस्तेमाल भी किया गया।
मंजू और मुन्ना लाल की शादी को 22 साल हो चुके थे। उनके दो बेटियां और एक बेटा है। पुलिस के मुताबिक, मुन्ना लाल प्रॉपर्टी का काम करते थे और परिवार का खर्च चलाते थे। इसी दौरान मंजू की नजदीकी पास की दुकान पर काम करने वाले चमन से बढ़ी।
पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर 15 हजार रुपये बरामद किए हैं। पुलिस अब हत्या में इस्तेमाल सामान, पैसे के लेनदेन और आरोपितों की भूमिका से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
