7.4 तीव्रता के भूकंप से दहला कोलंबिया, 132 लोगों की मौत; 2 हजार से ज्यादा लापता, 21 आफ्टरशॉक

बोगोटा, कोलंबिया

कोलंबिया में सोमवार को आए 7.4 तीव्रता के भीषण भूकंप ने देश के कई हिस्सों में भारी तबाही मचा दी है। अब तक कम से कम 132 लोगों की मौत और 570 से अधिक लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा 2 हजार से ज्यादा लोगों के लापता होने की सूची तैयार की गई है। राहत और बचाव दल मलबे में फंसे लोगों की तलाश में जुटे हैं।

कोलंबियन एसोसिएशन ऑफ कैपिटल सिटीज के अनुसार, भूकंप का सबसे ज्यादा असर परेरा शहर में पड़ा है। यहां 60 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है। भूकंप का केंद्र चोको क्षेत्र में सैन होस डेल पालमार के पास जमीन से करीब 170 किलोमीटर की गहराई में था।

भूकंप के तेज झटके राजधानी बोगोटा समेत देश के कई हिस्सों में महसूस किए गए। कई इमारतें हिलने लगीं और लोग घबराकर अपने घरों और कार्यालयों से निकलकर खुले स्थानों की ओर भागे।

2 हजार से ज्यादा लोग लापता

भूकंप के तुरंत बाद राहत एजेंसियों ने बचाव अभियान शुरू किया। इसी दौरान लापता लोगों की जानकारी दर्ज करने के लिए डिजिटल डेटाबेस का इस्तेमाल किया गया। अब तक 2 हजार से ज्यादा लोगों के लापता होने की सूची तैयार हो चुकी है। इनमें अधिकांश मामले कैली और परेरा शहरों से जुड़े हैं।

प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना है। सेना, अग्निशमन दल और अन्य बचावकर्मी प्रभावित इलाकों में लगातार काम कर रहे हैं।

हजारों इमारतों को नुकसान

राष्ट्रपति अबेलार्डो डे ला एस्प्रिएला के अनुसार, 1,577 से अधिक रिहायशी इमारतें क्षतिग्रस्त हुई हैं। 37 इमारतें पूरी तरह जमींदोज हो गई हैं। इसके अलावा 60 से अधिक अन्य इमारतों, 18 स्वास्थ्य केंद्रों और 52 स्कूलों को भी नुकसान पहुंचा है।

कैली शहर का यूनिवर्सिटी अस्पताल भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है। अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक, इमारत का लगभग 30 प्रतिशत हिस्सा ढह गया है। बच्चों का विभाग, इंटरनल मेडिसिन और नवजात शिशु इकाई को नुकसान पहुंचा है। मलबे में मरीजों के फंसे होने की आशंका है। सेना और अग्निशमन दल उन्हें निकालने के लिए अभियान चला रहे हैं।

सुरक्षा कारणों से कैली के कई अन्य स्वास्थ्य केंद्रों को भी खाली कराया गया है।

लगातार आफ्टरशॉक

कोलंबियाई जियोलॉजिकल सर्विस ने सोमवार देर रात तक 21 आफ्टरशॉक दर्ज किए हैं। अधिकारियों ने आगे भी झटके आने की संभावना जताई है। इससे राहत और बचाव अभियान में अतिरिक्त सावधानी बरती जा रही है।

भूकंप से पश्चिमी कोलंबिया की हवाई सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। परेरा, मनिजालेस, आर्मेनिया, कार्टागो और बुएनावेन्टुरा के प्रमुख हवाई अड्डों पर सामान्य उड़ानों को रोक दिया गया है। केवल आपातकालीन, चिकित्सा और सरकारी उड़ानों को संचालन की अनुमति दी गई है।

अमेरिका ने घोषित की मदद

कोलंबिया में पैदा हुए संकट के बीच अमेरिका ने भी सहायता की घोषणा की है। अमेरिकी विदेश विभाग ने भोजन, आश्रय और नुकसान के आकलन के लिए 1.55 करोड़ डॉलर की मदद देने का ऐलान किया है।

कोलंबिया भूकंपीय गतिविधियों के लिहाज से संवेदनशील क्षेत्र में स्थित है। इससे पहले 1999 में आए 6.2 तीव्रता के भूकंप में एक हजार से अधिक लोगों की मौत हुई थी।

फिलहाल प्रभावित क्षेत्रों में खोज और बचाव अभियान जारी है और प्रशासन का ध्यान घायलों के इलाज, लापता लोगों की तलाश तथा प्रभावित परिवारों तक राहत पहुंचाने पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!