चंडीगढ़, पंजाब। पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने सोमवार को बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हालिया जालंधर दौरा राज्य के इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित हुआ है। इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री ने 5,470 करोड़ रुपए से अधिक की परियोजनाओं को मंजूरी दी है, जो सीधे तौर पर राज्य के 12 जिलों को लाभ पहुंचाएंगी।
ढिल्लों ने बताया कि इन परियोजनाओं में आधुनिक रेलवे स्टेशनों का निर्माण, नई रेल सेवाओं की शुरुआत, एक्सप्रेसवे और ग्रीनफील्ड हाईवे जैसी कई अहम कनेक्टिविटी सुविधाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ आर्थिक निवेश नहीं है, बल्कि पंजाब के विकास को राज्य के हर बड़े हिस्से तक पहुंचाने का माध्यम है।
उन्होंने विस्तार से कहा कि दोआब, माझा और मालवा क्षेत्र के कुल 12 जिलों को इस योजना से फायदा होगा। इन जिलों में बेहतर ट्रांसपोर्ट सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे यात्रा का समय घटेगा, कारोबार में वृद्धि होगी और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
पंजाब के प्रमुख शहरों जालंधर, मोहाली, रोपड़ और मुक्तसर साहिब को ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत आधुनिक सुविधाओं से लैस नए रेलवे स्टेशन मिलेंगे। होशियारपुर को 830 करोड़ रुपए की दौलतपुर चौक-करतोली रेलवे लाइन से लाभ होगा। इसके अलावा अमृतसर को नई अमृतसर (छेहरटा)-वाराणसी संत रविदास एक्सप्रेस ट्रेन मिली है, जो धार्मिक और सांस्कृतिक जुड़ाव को मजबूत करेगी।
ढिल्लों ने बताया कि हाल ही में शुरू की गई करतोली-अंबाला ट्रेन से पूरे पंजाब में रेल कनेक्टिविटी को व्यापक रूप मिलेगा। दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे भी जालंधर, कपूरथला, तरनतारन, अमृतसर, गुरदासपुर और पठानकोट जिलों के लिए यात्रा को आसान और तेज करेगा। इससे माल परिवहन की लागत भी कम होगी और क्षेत्रीय कारोबार में सकारात्मक बदलाव आएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि मोहाली और रोपड़ को 1,570 करोड़ रुपए की लागत वाले आईटी सिटी-कुराली ग्रीनफील्ड हाईवे और अंबाला-चंडीगढ़ ग्रीनफील्ड हाईवे के पीआर-7 स्पर से लाभ मिलेगा। ये परियोजनाएं इन इलाकों को इंडस्ट्री, आईटी व शहरी विकास के केंद्र के रूप में मजबूती प्रदान करेंगी।
नए लुधियाना बाईपास की आधारशिला रखे जाने से ट्रैफिक जाम में कमी आएगी, माल ढुलाई और कनेक्टिविटी में सुधार होगा, जिससे लुधियाना और बठिंडा जैसे आर्थिक केंद्रों को लाभ मिलेगा।
ढिल्लों ने निष्कर्ष स्वरूप कहा, “प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी नीतियों और कार्यों से स्पष्ट कर दिया है कि पंजाब की प्रगति केंद्र की प्राथमिकता है। ये परियोजनाएं राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करेंगी, कनेक्टिविटी को बेहतर बनाएंगी और आने वाले समय में स्थायी विकास के मार्ग प्रशस्त करेंगी।”
