अमृतसर, पंजाब। पंजाब के अमृतसर में एक बड़ी घटना घटित हुई, जहां अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक कार में सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस पर गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की। इस मुठभेड़ में एक आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसका इलाज चल रहा है।
अमृतसर ग्रामीण के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कवलप्रीत सिंह ने इस मामले की जानकारी मीडिया को दी। उन्होंने बताया कि पुलिस की स्पेशल सेल और थाना जंडियाला की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए नाकाबंदी की थी। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध वाहन का इस्तेमाल कर आपराधिक गतिविधि के इरादे से क्षेत्र में घूम रहे हैं।
एसएसपी कवलप्रीत सिंह ने कहा कि जब पुलिस टीम ने कार को रोकने का प्रयास किया, तो दोनों आरोपियों ने अचानक तीन राउंड फायरिंग शुरू कर दी, जिससे पुलिस को जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी। जवाबी फायरिंग में एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जिसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि गिरफ्तार आरोपियों का नाम सुखराज और अर्जुन है। ये दोनों यूके में बैठे एक गैंगस्टर निशान के लिए काम कर रहे थे। आरोपियों पर रंगदारी वसूलने, फायरिंग और अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त होने के गंभीर आरोप हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपियों ने किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बनाई थी, जिसे मुठभेड़ के दौरान विफल कर दिया गया।
शुक्रराज और अर्जुन के कब्जे से एक .34 बोर पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और कुछ खाली खोखे बरामद हुए हैं। पुलिस फिलहाल पूरे आपराधिक नेटवर्क की गहन जांच कर रही है और इस मामले में अन्य संदिग्धों की भी पहचान कर रही है।
एसएसपी कवलप्रीत सिंह ने कहा कि अमृतसर ग्रामीण पुलिस लगातार सतर्कता के साथ अपराध को रोकने के लिए काम कर रही है। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे किसी भी आपराधिक गतिविधि में शामिल न हों और सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाकर अपने भविष्य को संवारें। उन्होंने कहा कि खेल, शिक्षा और रोजगार के माध्यम से समाज की मुख्यधारा में युवा आगे बढ़ सकते हैं और अपराध से दूर रहकर बेहतर जीवन जी सकते हैं।
