पंजाब सरकार ने नक्शा योजना के तहत 9 पदों पर निकाली भर्ती, आवेदन मांगे गए

चंडीगढ़, पंजाब। पंजाब सरकार के राजस्व, पुनर्वास और आपदा प्रबंधन विभाग ने नक्शा योजना के तहत राज्य कार्यक्रम प्रबंधन इकाई (एसपीएसयू) के लिए नौ संविदा पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इन पदों के लिए आवेदन करना चाहते उम्मीदवार 15 मई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

राजस्व विभाग द्वारा जारी आधिकारिक अधिसूचना में प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर, विशेषज्ञ (भूमि प्रशासन), मैनेजर (भू-स्थानिक प्रौद्योगिकी), प्रोग्रामर (एमआईएस और जीआईएस डेवलपर), रिमोट सेंसिंग विश्लेषक, जीआईएस तकनीकी विशेषज्ञ और डाटा एंट्री ऑपरेटर जैसे कुल 9 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की जानकारी दी गई है।

आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है और उम्मीदवारों को विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन पत्र भरना होगा। आवेदन की अंतिम तिथि 15 मई निर्धारित है, अतः इच्छुक उम्मीदवारों को समय रहते अपना फॉर्म जमा कराना आवश्यक है।

पदों के नियमानुसार शैक्षणिक योग्यताओं में इंजीनियरिंग, विज्ञान, भू-स्थानिक प्रौद्योगिकी, कंप्यूटर विज्ञान, भू-सूचना विज्ञान, व्यवसाय प्रबंधन, विकास अध्ययन या समाज कार्य जैसे विषयों में डिग्री शामिल है। विशेषज्ञ पद के लिए सेवानिवृत्त सिविल सेवा अधिकारी जो भूमि प्रशासन, राजस्व या सर्वेक्षण के क्षेत्र में अनुभव रखते हैं आवेदन कर सकते हैं।

अधिकतम आयु सीमा पद के अनुसार 35 से 45 वर्ष तथा विशेषज्ञ पद के लिए 70 वर्ष रखी गई है। चयन प्रक्रिया में शैक्षणिक योग्यता, अनुभव, स्किल टेस्ट, टाइपिंग टेस्ट, शॉर्टलिस्टिंग और इंटरव्यू सहित विभिन्न चरण शामिल होंगे। चयनित उम्मीदवारों को 45,000 से 1,50,000 रुपए प्रति माह वेतन मिलेगा।

पंजाब राजस्व विभाग की वेबसाइट पर जाकर उम्मीदवार पूरी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं और आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। यह भर्ती प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर प्रदान करने के साथ-साथ नक्शा योजना के सफल क्रियान्वयन में मददगार साबित होगी।

Source

error: Content is protected !!