जालंधर, पंजाब। मंगलवार की शाम बीएसएफ चौक के पास एक एक्टिवा स्कूटी में अचानक विस्फोट हो गया, जिससे उसकी आग लग गई। यह घटना उस समय हुई जब इलाके में काफी भीड़भाड़ थी और आसपास के लोग दहशत में आ गए। हालांकि, इस हादसे में किसी के भी हताहत होने की सूचना नहीं है, परन्तु हादसे ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीमों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया और स्थिति को नियंत्रित किया। स्कूटी में सवार दो युवकों को पुलिस ने हिरासत में लेकर उनसे जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि युवकों का बयान पुलिस जांच के लिए अहम होगा।
पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने बताया कि रात करीब 8 बजे पेट्रोलिंग टीम उस क्षेत्र में थी, तभी गेट के पास खड़ी एक्टिवा में अचानक आग लग गई। उन्होंने कहा, “स्कूटी मालिक फिलहाल हमारे साथ है और जांच में पूरी तरह सहयोग कर रहा है। धमाके के कारणों का पता लगाने के लिए विशेषज्ञ भी बुलाए गए हैं।”
इस विस्फोट ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वरिंग ने इस घटना पर गहरा दुख जताया और कहा कि सीमा क्षेत्र में इस तरह की घटनाएं राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा हैं। उन्होंने आम आदमी पार्टी सरकार और केंद्र सरकार दोनों को सुरक्षा मामलों में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया।
वहीं, पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि यह विस्फोट सुरक्षा में चूक और सतर्कता की कमी को दर्शाता है। उल्लेखनीय है कि वहा जनता को सुरक्षा का भरोसा दिलाना सरकार की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है और इसके लिए तुरंत ठोस कदम उठाने आवश्यक हैं।
पंजाब भाजपा के महासचिव परमिंदर सिंह बराड़ ने भी इस घटना को गंभीर बताया। उन्होंने कहा कि यह विस्फोट पंजाब में कानून-व्यवस्था की खराब स्थिति का प्रमाण है। उन्होंने आम आदमी पार्टी की सरकार को लोक सुरक्षा के मुद्दे पर जवाबदेह ठहराया और कहा कि केवल दिखावे और नाटकों से काम नहीं चलेगा।
इस घटना ने जालंधर की जनता को सुरक्षा के प्रति चिंतित कर दिया है। अधिकारी मामले की जांच में लगे हुए हैं और जल्द ही विस्फोट के पीछे के कारणों का पता लगाया जाएगा। स्थानीय प्रशासन ने क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा उपाय लगाने का भी निर्णय लिया है ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं को रोका जा सके।
