शिमला, हिमाचल प्रदेश। हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए), हमीरपुर ने हिमाचल प्रदेश सरकार के स्कूल शिक्षा विभाग के तहत 894 शिक्षक पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। यह भर्ती विभिन्न विषयों में की जाएगी और योग्य एवं इच्छुक उम्मीदवार अब ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। इस भर्ती प्रक्रिया की अंतिम तिथि 14 मई निर्धारित की गई है।
एचपीआरसीए द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, कुल 894 पदों में शिक्षक (राजनीति विज्ञान) के 95, शिक्षक (समाजशास्त्र) के 108, शिक्षक (अर्थशास्त्र) के 86, शिक्षक (मनोविज्ञान) के 114, शिक्षक (कंप्यूटर) के 118, शिक्षक (ललित कला) के 118, शिक्षक (लोक प्रशासन) के 78 तथा शिक्षक (शारीरिक शिक्षा) के 177 पद शामिल हैं। ये पद स्कूल शिक्षा विभाग के तहत अलग-अलग जिलों में उपलब्ध होंगे।
आवेदन प्रक्रिया 22 अप्रैल की सुबह 10 बजे से शुरू हो गई है। इच्छुक अभ्यर्थी एचपीआरसीए की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन भरते समय किसी भी गलती को सुधारने के लिए त्रुटि सुधार विंडो भी उपलब्ध रहेगी, जो आवेदन की अंतिम तिथि के चार दिन बाद तक खुली रहेगी। हालांकि, इस सुधार के लिए उम्मीदवारों को 100 रुपये शुल्क जमा करना होगा।
इन पदों पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से संबंधित विषय में मास्टर डिग्री होनी चाहिए और साथ ही न्यूनतम 50 प्रतिशत अंकों के साथ बीएड डिग्री आवश्यक है। अधिकांश पदों के लिए टीईटी उत्तीर्ण होना भी अनिवार्य है। इसके अलावा, उम्मीदवारों की उम्र 18 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए, जिसकी गणना 1 जनवरी के आधार पर की जाएगी।
चयन प्रक्रिया में स्क्रीनिंग टेस्ट, लिखित परीक्षा, मेरिट सूची एवं डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के चरण शामिल हैं। चयनित उम्मीदवारों को 30,000 रुपये प्रति माह वेतन के साथ अन्य भत्ते और लाभ भी प्रदान किए जाएंगे।
आवेदन करते समय उम्मीदवारों को 800 रुपये का ऑनलाइन आवेदन शुल्क जमा करना होगा। केवल फीस जमा करने के बाद ही आवेदन पत्र मान्य होगा। आवेदन के लिए एचपीआरसीए की वेबसाइट पर जाकर संबंधित पद के लिंक पर क्लिक कर रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें, आवश्यक जानकारी भरें, दस्तावेज अपलोड करें और भुगतान कर फॉर्म जमा करें। फॉर्म जमा करने के बाद उसकी एक प्रति प्रिंट निकालकर सुरक्षित रखना आवश्यक है।
अधिक विवरण एवं भर्ती से जुड़ी अन्य जानकारियों के लिए एचपीआरसीए की आधिकारिक नोटिफिकेशन देखना आवश्यक है। उम्मीदवार समय रहते आवेदन करें और इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाएं।
