वाराणसी, उत्तर प्रदेश। जैतपुरा थाना क्षेत्र के नक्खीघाट में रेलवे की निर्माणाधीन परियोजना के लिए अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम और स्थानीय लोगों के बीच विवाद हो गया। बुधवार को हुई इस घटना में मारपीट और पथराव का आरोप है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ जैतपुरा थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
तीन बार जारी किया गया था नोटिस
रेलवे की वाराणसी-दीनदयाल उपाध्याय मिड सेक्शन डाउनलाइन परियोजना के तहत नक्खीघाट स्थित ब्रिज संख्या-20 के पास पाइलिंग का काम कराया जा रहा है। निर्धारित स्थल पर अतिक्रमण के कारण निर्माण प्रभावित हो रहा था। रेलवे की ओर से संबंधित पक्ष को तीन बार नोटिस जारी किया गया था। जगह खाली नहीं होने पर जिलाधिकारी के निर्देश पर संयुक्त टीम गठित की गई।
अभियंता ने लगाया हमले का आरोप
कार्यदायी संस्था एमएलसीसी-मारुति जेवी के वरिष्ठ अभियंता महेंद्र कुमार योगी ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि कार्रवाई के दौरान विशाल सोनकर और उसके साथियों ने विरोध करते हुए उनके साथ मारपीट की। ईंट-पत्थरों से हमला किए जाने के कारण उन्हें चोटें आईं। आरोपितों ने जान से मारने की धमकी भी दी।
बुलडोजर से कुचलने की कोशिश का आरोप
दूसरी ओर विशाल सोनकर ने आरोप लगाया कि महेंद्र सिंह योगी अपने साथियों के साथ बुलडोजर लेकर पहुंचे और बिना पूर्व सूचना के उसके प्लाट की बाउंड्रीवाल तोड़ने लगे। विरोध करने पर मारपीट की गई और जातिसूचक अपशब्द कहे गए। विशाल ने बुलडोजर से कुचलकर हत्या का प्रयास करने का भी आरोप लगाया है।
दोनों पक्षों की शिकायत पर जांच शुरू
जैतपुरा थानाध्यक्ष उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपों की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
