पोखरण, राजस्थान। भारत ने स्वदेशी रक्षा तकनीक के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। सोलर डिफेंस एंड एयरोस्पेस लिमिटेड (एसडीएएल) ने स्वदेशी एंटी-ड्रोन सिस्टम ‘भार्गवास्त्र’ का सफल परीक्षण पूरा कर लिया है। राजस्थान के पोखरण फील्ड फायरिंग रेंज में यह परीक्षण 20 से 24 नवंबर के बीच किया गया।
एक साथ कई ड्रोनों को नष्ट करने की क्षमता
भार्गवास्त्र भारत का पहला स्वदेशी दो-स्तरीय एंटी-ड्रोन सिस्टम है। इसे दुश्मन के ड्रोनों के झुंड से निपटने के लिए विकसित किया गया है। वाहन पर तैनात किए जाने वाले इस सिस्टम में हवाई रक्षा रॉकेट और गाइडेड माइक्रो-मिसाइलों का इस्तेमाल किया गया है।
दो संस्करणों में विकसित किया गया सिस्टम
भारतीय सेना की शुरुआती आवश्यकताओं के अनुसार इसके पहले संस्करण में रॉकेट शामिल किए गए थे। कंपनी ने इसके बाद दूसरा संस्करण भी विकसित किया, जिसमें आधुनिक तकनीक से लैस माइक्रो-मिसाइलों को शामिल किया गया है। सिस्टम में निगरानी के लिए आधुनिक रडार और सेंसर भी लगाए गए हैं।
पूरी तरह भारत में हुआ निर्माण
भार्गवास्त्र की खास बात यह है कि इसका डिजाइन और निर्माण पूरी तरह भारत में किया गया है। इसके सॉफ्टवेयर, रॉकेट और माइक्रो-मिसाइलों को भी स्वदेशी तकनीक से विकसित किया गया है। सिस्टम के सभी बौद्धिक संपदा अधिकार एसडीएएल के पास हैं।
अगले चरण के लिए तैयार भार्गवास्त्र
पोखरण में परीक्षण के दौरान सिस्टम के सेंसर और रडार ने वास्तविक ड्रोन झुंड की पहचान कर उनकी गतिविधियों को ट्रैक किया। परीक्षण में रॉकेटों और माइक्रो-मिसाइलों ने सटीक निशाना लगाया।
यह सिस्टम सेना के तीन वाहनों पर तैनात किया जाता है। सफल परीक्षण के बाद भार्गवास्त्र अब प्रोटोटाइप प्रदर्शन के अगले चरण के लिए तैयार है। इसे स्वदेशी रक्षा उपकरणों के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
