OpenAI ने ChatGPT पर अपने कारोबार को रजिस्टर करने और मैनेज करने के लिए ‘बिजनेस हब’ और ‘बिजनेस एजेंट’ पेश किया है। यह कदम उन कारोबारियों के लिए है जो चाहते हैं कि जब लोग ChatGPT से किसी दुकान, होटल या कंपनी के बारे में पूछें, तो उनकी जानकारी भी सामने आए। पहले लोग जानकारी के लिए गूगल पर सर्च करते थे, लेकिन अब बड़ी संख्या में ChatGPT से भी पूछ रहे हैं।
बिजनेस हब क्या है और कैसे काम करता है?
बिजनेस हब के जरिए कारोबारी ChatGPT पर अपने बिजनेस की जानकारी दर्ज कर सकेंगे और उसे अपडेट भी कर पाएंगे। इसमें पिछले 28 दिनों के आंकड़े देखे जा सकेंगे, जिनमें ChatGPT पर कारोबार का जिक्र, वेबसाइट पर हुए क्लिक और वे विषय शामिल होंगे जिनसे लोग उस कारोबार तक पहुंचे। हालांकि, ग्राहकों की निजी बातचीत कारोबारियों को नहीं दिखाई जाएगी।
मान लीजिए, आपकी कपड़ों की दुकान है। कोई व्यक्ति ChatGPT से पूछता है कि अच्छी शर्ट कहां मिलेगी या किस वेबसाइट पर कितने रुपये में उपलब्ध है। फिर ChatGPT अलग-अलग स्रोतों से जानकारी लेकर जवाब देता है। बिजनेस हब के जरिए कारोबारी अपनी दुकान, वेबसाइट, सामान और कीमतों की ताजा जानकारी उपलब्ध करा सकेंगे, जिससे ग्राहक को उनके प्रोडक्ट की जानकारी भी मिल जाएगी।
ChatGPT ने बिजनेस एजेंट की सुविधा भी शुरू की है। यह ग्राहकों के सवालों का जवाब दे सकेगा और सामान चुनने में मदद करेगा। हालांकि, बिजनेस एजेंट की सुविधा अभी अमेरिका के चुनिंदा ऑनलाइन कारोबारियों को दी गई है। जल्द ही इसे भी आम लोगों के लिए जारी किया जा सकता है।
बिजनेस हब का इस्तेमाल कैसे करें?
बिजनेस हब का उपयोग करने के लिए सबसे पहले कंप्यूटर पर chatgpt.com/business-hub खोलें और लॉग-इन करें। इसके बाद अपनी दुकान या कंपनी का नाम सर्च करें और सही नाम मिलने पर उसे चुनें। फिर बिजनेस पर मालिकाना दावा करें, जिसके लिए मोबाइल नंबर, कारोबारी ईमेल, वेबसाइट या शॉपिफाई स्टोर से पहचान साबित करनी होगी।
OpenAI आपके आवेदन की जांच करेगी और मंजूरी मिलने की जानकारी ईमेल से मिलेगी। इसके बाद पर्सोना नाम की सेवा के जरिए अपनी पहचान की जांच पूरी करें, जिसमें पहचान पत्र या कारोबारी दस्तावेज मांगे जा सकते हैं। मंजूरी मिलने के बाद वेबसाइट, सामान, सेवाओं और दूसरी जानकारी अपडेट करें और देख सकेंगे कि कितने लोगों ने आपके प्रोडक्ट को देखा या खरीदा।
OpenAI के मुताबिक, जिन देशों में ChatGPT उपलब्ध है, वहां के पात्र कारोबारी बिजनेस हब का इस्तेमाल कर सकते हैं। हालांकि, यह कारोबार के प्रकार और पहचान की जांच पर निर्भर करेगा। अभी स्थानीय दुकानों और रेस्टोरेंट के मौजूदा प्रोफाइल पर दावा करने की सुविधा अमेरिका तक सीमित है।
कंपनी ने साफ किया है कि बिजनेस हब पर जानकारी जोड़ने से ChatGPT में कारोबार को ज्यादा दिखाने या बिक्री बढ़ने की गारंटी नहीं मिलेगी। यानी यह सिर्फ जानकारी उपलब्ध कराने का जरिया है, न कि प्रचार का पक्का जरिया।
