आरा कस्टम अधिकारी हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई, दमदम एयरपोर्ट से मुख्य आरोपित चंदन सिंह और अभिषेक यादव गिरफ्तार

आरा, बिहार। भोजपुर जिले में सेवानिवृत्त कस्टम अधिकारी रामकुमार सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपित चंदन सिंह और उसके साथी अभिषेक यादव को पश्चिम बंगाल के दमदम एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया है। तीसरे आरोपित टीपू सिंह को आरा से पकड़ा गया है। पुलिस के अनुसार, हत्या की वजह जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद था। मामले में शामिल तीन शूटरों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित ने बुधवार को बताया कि रामकुमार सिंह की हत्या 15 अक्टूबर की सुबह आरा के नवादा थाना क्षेत्र स्थित कनकपुरी मोहल्ले में हुई थी। घटना के बाद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए विशेष जांच टीम (एसआइटी) गठित की गई। जांच में पटना एसटीएफ की भी मदद ली गई और पुलिस ने बिहार के बाहर संभावित ठिकानों पर दबिश दी।

पुलिस के मुताबिक, चंदन सिंह भोजपुर के बड़की सिंगही गांव का रहने वाला है, जबकि अभिषेक यादव बिंद टोली का निवासी है। दोनों गिरफ्तारी से बचने के लिए सिलीगुड़ी और गंगटोक के होटलों में अपनी पहचान छिपाकर रह रहे थे। वहां पुलिस की दबिश बढ़ने पर वे हवाई जहाज से पश्चिम बंगाल चले गए। इसके बाद दमदम एयरपोर्ट पर अभियान चलाकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

जांच में सामने आया है कि सिंगही गांव की जमीन को लेकर रामकुमार सिंह और आरोपित पक्ष के बीच विवाद था। पुलिस के अनुसार, रामकुमार सिंह का इस जमीन पर वर्ष 2006 से कब्जा था। आरोप है कि चंदन सिंह ने करीब 20 दिन पहले अपने सहयोगियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। शुरुआती पूछताछ में तीन शूटरों को सुपारी देकर बुलाने की जानकारी मिली है।

पुलिस ने बताया कि वारदात से तीन-चार दिन पहले चंदन सिंह ने अपने बैंक खाते से पांच लाख रुपये निकाले थे। उसकी पत्नी चांदनी के खाते में भी रुपये स्थानांतरित किए गए थे। जांच में नए मोबाइल फोन और सिम कार्ड खरीदे जाने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस को आशंका है कि इनका इस्तेमाल पहचान छिपाने के लिए किया गया होगा।

चंदन सिंह के घर पर छापामारी के दौरान पुलिस ने एक पिस्टल बरामद की है। हालांकि, इस हथियार का हत्या में इस्तेमाल हुआ था या नहीं, यह जांच के बाद स्पष्ट होगा। पुलिस चंदन सिंह की पत्नी की भूमिका और बैंक लेनदेन की भी पड़ताल कर रही है।

इस मामले में मनोज सिंह उर्फ लक्की पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। टीपू सिंह को भी मामले में आरोपित बनाया जाएगा। पुलिस अब फरार शूटरों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापामारी कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!