‘छात्रों की गूंज’ अब इंदौर में, 12 सितंबर को जेन-जी के साथ संवाद करेंगे राहुल गांधी

इंदौर, मध्य प्रदेश

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी 12 सितंबर को इंदौर में आयोजित होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में राहुल गांधी जेन-जी और युवाओं से सीधे संवाद करेंगे। साथ ही वह मध्य प्रदेश और देश के युवाओं से जुड़े मुद्दों पर अपनी प्रस्तुति भी देंगे।

कांग्रेस की ओर से ‘छात्रों की गूंज’ को युवाओं से सीधे संवाद करने की शृंखला के रूप में आयोजित किया जा रहा है। इससे पहले कोटा, देहरादून, प्रयागराज और पुणे में इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। अब इंदौर में होने वाले आयोजन को लेकर कांग्रेस नेताओं ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।

प्रस्तावित कार्यक्रम की शुरुआत कंसर्ट से की जाएगी। इसके बाद राहुल गांधी मंच से युवाओं से जुड़े प्रमुख विषयों पर अपनी बात रखेंगे। इसके बाद सीधे सवाल-जवाब का दौर होगा, जिसमें युवा राहुल गांधी से सवाल पूछ सकेंगे और अपनी समस्याएं तथा सुझाव उनके सामने रख सकेंगे।

कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर शनिवार को राहुल गांधी के सहायक केवी बैजू इंदौर पहुंचे। उन्होंने मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और पार्टी के अन्य नेताओं के साथ बैठक की। बैठक में आयोजन की रूपरेखा, व्यवस्थाओं और कार्यक्रम के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।

सूत्रों के अनुसार, कार्यक्रम में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और आयोजन को आकर्षक बनाने के लिए किसी बड़े गायक या संगीत समूह की प्रस्तुति भी रखी जा सकती है। हालांकि कलाकार या संगीत समूह का नाम अभी तय नहीं हुआ है। बताया जा रहा है कि इस संबंध में अंतिम फैसला दिल्ली से लिया जाएगा।

कार्यक्रम के संभावित आयोजन स्थल को लेकर भी प्रक्रिया शुरू हो गई है। बैठक के बाद शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने नगर निगम आयुक्त को पत्र लिखकर नेहरू स्टेडियम को चार दिनों के लिए आरक्षित करने की मांग की है।

इंदौर में राहुल गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस संगठन स्तर पर सक्रियता बढ़ गई है। पार्टी इसे युवाओं तक पहुंच बनाने और उनके मुद्दों को सीधे सुनने के एक महत्वपूर्ण अवसर के रूप में देख रही है।

12 सितंबर को होने वाले इस कार्यक्रम में शिक्षा, रोजगार और युवाओं से जुड़े अन्य विषयों पर चर्चा केंद्र में रह सकती है। राहुल गांधी और युवाओं के बीच सीधा संवाद इस आयोजन का मुख्य आकर्षण माना जा रहा है। आयोजन में कितने युवा शामिल होंगे और कंसर्ट में कौन प्रस्तुति देगा, इसको लेकर आने वाले दिनों में स्थिति और स्पष्ट होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!