अमृतसर पुलिस की बड़ी सफलता, व्यापारी पर फायरिंग करने वाले दोनों शूटर गिरफ्तार

चंडीगढ़। पंजाब की अमृतसर पुलिस ने एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए एक व्यापारी पर फायरिंग करने वाले दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस सफलता से इलाके में राहत की भावना पसरी है।

पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने सोमवार को आईएएनएस को जानकारी देते हुए बताया कि अमृतसर पुलिस ने दोनों शूटरों को दबोच लिया है। गिरफ्तारी के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी है। पुलिस आरोपियों के विदेश में बैठे गैंगस्टरों से संबंधों की भी जांच कर रही है।

पुलिस कमिश्नर ने बताया कि अमृतसर पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत दोनों आरोपियों, जिनकी पहचान साजन प्रीत और जश्न प्रीत के रूप में हुई है, को गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपी पंजाब के निवासी हैं और आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं।

उन्होंने आगे कहा कि जश्न प्रीत के खिलाफ पहले भी कमर्शियल क्वांटिटी वाले नशे के मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ था, जिसमें वह 2024 में पकड़ा गया था। उस समय वह नाबालिग था, लेकिन जुबेलाइन होम में सजा काटते हुए उसने गैंगस्टर समूहों से संपर्क बनाए।

पुलिस कमिश्नर ने बताया कि जब पुलिस ने साजन प्रीत को गिरफ्तार करना चाहा, उसने अपनी ही छत से छलांग लगा दी, जिससे उसका एंकल फ्रैक्चर हो गया, पर वह पुलिस की गिरफ्त में आ गया। उसे तत्परता से चिकित्सीय सहायता प्रदान की गई।

दूसरे आरोपी जश्न प्रीत को जब गिरफ्तार करने की कोशिश की गई, तो उसने पुलिस के साथ लाई गई पिस्तौल लेकर पुलिसकर्मी पर फायर करने का प्रयास किया। गोली चलने के बाद जश्न प्रीत के पैर में ही गोली लगी, जिससे वह भी घायल हो गया। पुलिस ने इसे भी इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।

अमृतसर पुलिस कमिश्नर ने बताया कि दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर मामले की गहन पूछताछ जारी है। पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान संगठित अपराध और गैंगस्टरों के खिलाफ सख्त रुख अपनाने की बात दोहराई है।

Source

error: Content is protected !!