चंडीगढ़। पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट में नौकरी की चाह रखने वाले उम्मीदवारों के लिए खुशखबरी है। उच्च न्यायालय ने कुल 167 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी की है। इस बार सफाई सेवक और माली के पदों के लिए नियुक्ति की जाएगी। योग्य अभ्यर्थी जल्द आवेदन कर सकते हैं क्योंकि आवेदन की अंतिम तिथि 30 जून है।
इसे ध्यान में रखते हुए पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट ने भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया 9 जून से शुरू कर दी है। इस भर्ती में कुल 167 पद रिक्त हैं, जिनमें से 75 पद सफाई सेवक (स्वीपर) और 92 पद माली के हैं। इच्छुक उम्मीदवार ऑनलाइन माध्यम से पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना आवेदन कर सकते हैं।
इन पदों के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को हिंदी और क्षेत्रीय भाषा का अच्छा ज्ञान होना आवश्यक है। सफाई सेवक के पद पर आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के लिए कम से कम तीन साल का अनुभव होना आवश्यक है। वहीं माली के पद पर आवेदन के लिए संबंधित क्षेत्र में तीन वर्ष का अनुभव या बागवानी से संबंधित मान्यता प्राप्त संस्थान से डिप्लोमा होना जरूरी है।
उम्मीदवारों की आयु सीमा 18 से 35 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु की गणना 30 जून 2026 को आवेदन की अंतिम तिथि के अनुसार की जाएगी। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकार द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
चयन प्रक्रिया में अभ्यर्थियों का इंटरव्यू, शॉर्टलिस्टिंग और दस्तावेज़ सत्यापन शामिल होगा। चयनित उम्मीदवारों को पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट की वेतनमान प्रणाली के अनुसार वेतन मिलेगा। साक्षात्कार की तिथि और स्थान बाद में आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित किए जाएंगे।
आवेदन शुल्क की बात करें तो पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के बाहर के उम्मीदवारों के लिए सामान्य और अनुसूचित जाति/जनजाति/बैकवर्ड क्लास वर्ग के लिए 700 रुपये, वहीं, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के उम्मीदवारों के लिए एससी/एसटी/बीसी तथा भूतपूर्व सैनिकों के लिए 600 रुपये आवेदन शुल्क रखा गया है। दिव्यांग उम्मीदवारों को शुल्क में छूट प्रदान की गई है।
इस भर्ती के माध्यम से योग्य एवं दक्ष उम्मीदवारों को स्थायी रोजगार का अवसर मिलेगा। ऐसे में इच्छुक उम्मीदवार वेबसाइट पर जाकर जल्द आवेदन करें ताकि किसी भी तकनीकी या समय से पहले आवेदन न करने की समस्या न आए। पूरी प्रक्रिया पारदर्शी रूप से संचालित की जाएगी जिससे सर्वोत्तम उम्मीदवारों का चयन सुनिश्चित हो सके।
