शिमला, हिमाचल प्रदेश। केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने शनिवार को शिमला में चौड़ा मैदान में आयोजित स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई। इस दौरान उन्होंने भारत रत्न और संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा की स्वच्छता की, प्रतिमा स्थल पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
जेपी नड्डा ने इस अवसर पर मीडिया से बातचीत में कहा कि महात्मा गांधी ने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ा था, जिससे समाज में स्वच्छता के महत्व को बढ़ावा मिला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2014 में प्रारंभ किए गए ‘स्वच्छ भारत अभियान’ ने इस सोच को और अधिक व्यापक स्तर पर पहुंचाया है। इस अभियान ने देश में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाई है और आम जनता को भी इसके लिए प्रेरित किया है।
उन्होंने बताया कि स्वच्छता के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव देखने को मिले हैं, और हर किसी का यह कर्तव्य बन गया है कि वह इस आंदोलन में योगदान दे। नड्डा ने कहा कि वे समय-समय पर सार्वजनिक कार्यक्रमों के साथ-साथ स्वच्छता अभियानों में हिस्सा लेकर लोगों को प्रेरित करने का प्रयास करते हैं।
शिमला प्रवास के दौरान, भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा की साफ-सफाई करना और उन्हें पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देना उनके लिए गौरव का विषय था। उन्होंने कहा कि अंबेडकर के विचार और उनके द्वारा दिए गए योगदान देश के विकास और समानता के लिए प्रेरणास्रोत हैं, इसलिए उनकी याद में स्वच्छता अभियान को भी मजबूत बनाना आवश्यक है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि स्वच्छता अभियान केवल एक समयावधि का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि एक सतत जन आंदोलन है जिसे निरंतर गति देने की आवश्यकता है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे स्वच्छता को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाएं और खुद भी इसका पालन करें। उनका मानना है कि जब जनता सक्रिय रूप से इस आंदोलन में भाग लेगी तभी देश स्वच्छ और स्वस्थ बनेगा।
