चंडीगढ़, पंजाब। पंजाब सरकार ने बुधवार को कैबिनेट की बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय लिया, जिसमें नीट परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों और उनके परिवार के एक सदस्य को पंजाब रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा देने की घोषणा की गई। यह घोषणा पंजाब सरकार के मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने दी।
हरपाल सिंह चीमा ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को परीक्षा तक पहुंचने में होने वाली आर्थिक बाधाओं को कम करना और उन्हें परीक्षा केंद्रों तक सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा प्रदान करना है। इससे लगभग 28,000 से अधिक छात्र लाभान्वित होंगे। इस मुफ्त यात्रा सुविधा का लाभ सिर्फ नीट परीक्षा में शामिल हो रहे छात्र नहीं बल्कि उनके परिवार का एक सदस्य भी उठा सकता है, जिससे परिवार के साथ आने जाने का भरोसा बना रहेगा।
मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने आगे बताया कि सरकार ने 1013 लेक्चरर पदों की भर्ती में अभ्यर्थियों के लिए आयु सीमा में एकमुश्त 5 वर्ष की छूट देने का भी फैसला लिया है, जिससे कि अधिक संख्या में योग्य उम्मीदवारों को रोजगार मिलने के रास्ते खुले। इसके साथ ही लोक निर्माण विभाग में 156 इंजीनियरों की सीधे भर्ती करने को भी मंजूरी दी गई है, जो प्रदेश में इंफ्रास्ट्रक्चर विकास को बढ़ावा देगा।
चीमा ने कहा, “मान सरकार शिक्षा और युवाओं को प्राथमिकता दे रही है। मोदी सरकार के 12 सालों में जहां पेपर लीक जैसे विवाद सामने आए, वहीं पंजाब सरकार लगातार पारदर्शिता और जनहित के कार्यों को लागू कर रही है। हमारा मकसद है कि विद्यार्थी बिना किसी चिंता के अपने सपनों की ओर बढ़ें।”
इसके अलावा मानसून से पहले बाढ़ सुरक्षा को मजबूत करने के लिए नहरों और ड्रेनों की डी-सिल्टिंग का काम तेज़ी से किया जा रहा है ताकि जलप्रबंधन बेहतर हो सके। नशे के खिलाफ जंग अभियान के तहत भी सरकार सक्रिय है, जिसमें लोगों को जागरूक करने के साथ ही डिजिटल राशन कार्ड वितरण के अन्य जन-कल्याणकारी उपाय भी जारी हैं।
चीमा ने कर्मचारियों के हितों का ध्यान रखते हुए कहा कि सरकार ने कॉन्ट्रैक्ट सिस्टम को खत्म करने का निर्णय लिया है, जिससे सभी कर्मचारियों को सीधे सरकारी नौकरी और अधिकार मिलेंगे। उन्होंने विपक्षी दलों पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि भाजपा सरकार युवा विरोधी नीतियां अपना रही है और मान सरकार विपक्षी दलों के साथ मिलकर पंजाब और देश के युवाओं के भविष्य के लिए लड़ाई जारी रखेगी।
इस फैसले की स्थानीय जनता ने भी सराहना की है और इसे युवाओं तथा समाज के लिए एक सकारात्मक कदम बताया है। इस प्रकार पंजाब सरकार ने इस निर्णय से नीट छात्र और उनके परिवारों की आर्थिक और सामाजिक सहायता सुनिश्चित की है, जिससे शिक्षा के क्षेत्र में एक नयी ऊर्जा का संचार होगा।
