हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन रेनू भाटिया ने अपने पद से दिया इस्तीफा

चंडीगढ़। हरियाणा महिला आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को अपना त्याग पत्र भेजा है, हालांकि उन्होंने इस्तीफे के पीछे कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया है। रेनू भाटिया ने अपने लगभग साढ़े चार साल के कार्यकाल में निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करने का दावा करते हुए अपने इस्तीफे में कहा कि उन्होंने हरियाणा की महिलाओं के अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष किया है।

रेनू सिंह ने अपने इस्तीफे में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त करते हुए लिखा कि भविष्य में भी यदि उन्हें कोई पद दिया जाता है तो वे उसे पूरी निष्ठा से निभाएंगी। उन्होंने आग्रह किया है कि उनका इस्तीफा स्वीकार किया जाए।

इस इस्तीफे का संदर्भ हाल ही में कुरुक्षेत्र के एलएनजीपी सरकारी अस्पताल में हुई एक संवेदनशील घटना से जोड़ा जा रहा है, जहां एक बच्ची के साथ डॉक्टर पर गंभीर आरोप लगे थे। इस मामले में आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार कर लिया गया था। रेनू भाटिया ने घटना के बाद अस्पताल जाकर नर्सों को फटकार लगाई थी और उनसे सवाल किए थे कि वे घटना के समय वहां क्यों मौजूद नहीं थीं और क्यों उन्होंने बच्ची को अकेले डॉक्टर के पास छोड़ दिया।

इस विवाद ने हरियाणा में राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर काफी हलचल मचा दी है। करनाल के जिला नागरिक अस्पताल की सभी स्टाफ नर्सों ने भी रेनू भाटिया के खिलाफ बर्खास्तगी की मांग करते हुए 2 घंटे की हड़ताल की थी। इस हड़ताल में नर्सों ने आरोपी डॉक्टर की कड़ी सजा की भी मांग की।

करनाल नागरिक अस्पताल की स्टाफ नर्स भारती ने कहा कि यह केवल प्रारंभिक हड़ताल थी, और यदि उनकी मांगों पर गंभीरता नहीं दिखाई गई तो वे लंबी हड़ताल पर जाने को मजबूर होंगी। इस मुद्दे ने हरियाणा की महिला सुरक्षा और अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर नए सवाल खड़े कर दिए हैं।

अधिकारियों ने मामले की जांच तेज कर दी है और सुधारात्मक कदम उठाने का आश्वासन दिया है। महिला आयोग के नेतृत्व में आए इस बड़े बदलाव से संबंधित राजनीति और महिलाओं के अधिकार के क्षेत्र में आने वाले समय में नई चुनौतियां उत्पन्न हो सकती हैं। हरियाणा में महिला सुरक्षा को लेकर यह मामला काफी संवेदनशील बना हुआ है और देखना होगा कि आयोग की नई अध्यक्ष कौन होंगी और वे इस मुद्दे से निपटने के लिए क्या कदम उठाती हैं।

Source

error: Content is protected !!