चंडीगढ़। भारतीय जनता पार्टी पंजाब के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष सरदार केवल सिंह ढिल्लों ने शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की। इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय सचिव एवं पंजाब के सह-प्रभारी विधायक सरदार नरेंद्र सिंह रैना तथा प्रदेश संगठन महामंत्री मंथरी श्रीनिवासुलु भी उपस्थित थे।
ढिल्लों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्हें पंजाब भाजपा की कमान सौंपने के लिए पार्टी नेतृत्व का आभार है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे पार्टी के सभी वर्गों को साथ लेकर चलेंगे और पूरे प्रदेश में नेताओं, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय स्थापित कर संगठन को मजबूत करेंगे।
सरदार केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि भाजपा पंजाब में एक मजबूत राजनीतिक ताकत के रूप में उभरेगी। उन्होंने राष्ट्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से फरवरी 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों में भाजपा की सरकार बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया। बैठक में पंजाब के किसानों के कल्याण, युवाओं के लिए नए रोजगार सृजन तथा आगामी चुनाव की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।
उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि भाजपा पंजाब को देश के सर्वश्रेष्ठ राज्यों में शामिल करने के लिए प्रतिबद्ध है और आगामी समय में प्रदेशभर में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने हेतु विशेष अभियान चलाए जाएंगे। ये अभियान जनता के बीच पार्टी की पहुँच बढ़ाने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने का आधार बनेगा।
बैठक के दौरान एक महत्वपूर्ण क्षण तब आया जब केवल सिंह ढिल्लों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को ‘शेर-ए-पंजाब’ महाराजा रणजीत सिंह का एक चित्र भेंट किया। उन्होंने महाराजा रणजीत सिंह के मानवतावादी, न्यायप्रिय और समावेशी शासन ‘सरकार-ए-खालसा’ की गौरवशाली उपलब्धियों की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि महाराजा रणजीत सिंह के शासन से प्रेरणा लेकर भाजपा पंजाब की भविष्य की सरकार के स्वरूप और विकास की रूपरेखा पर चर्चा हुई।
ढिल्लों ने यह भी सुनिश्चित किया कि भाजपा नेतृत्व सभी वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ेगा और पंजाब के लिए एक स्वर्णिम, समृद्ध तथा प्रगतिशील भविष्य को सुनिश्चित करेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी प्रदेश के कल्याण और विकास के लिए दिन-रात कार्य करती रहेगी।
