चंडीगढ़ से पुणे और बेंगलुरु के लिए 1 जून से शुरू होंगी नई सीधी फ्लाइट्स

चंडीगढ़। 1 जून से शहीद भगत सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट से चंडीगढ़ से पुणे और बेंगलुरु के लिए हवाई कनेक्टिविटी में सुधार होगा। नई समर शेड्यूल के तहत इन दोनों प्रमुख शहरों के लिए नई सीधी उड़ानें शुरू की जाएंगी, जिनकी बुकिंग भी पहले ही चालू हो चुकी है। यह कदम यात्रियों को बेहतर विकल्प और सुविधाजनक यात्रा प्रदान करने के उद्देश्य से किया गया है।

एयर इंडिया एक्सप्रेस चंडीगढ़ और पुणे के बीच एक नई दैनिक उड़ान शुरू कर रही है। यह उड़ान रात 12:45 बजे चंडीगढ़ से रवाना होगी और रात 3:10 बजे पुणे पहुंच जाएगी। लौटते समय यह फ्लाइट पुणे से रात 3:45 बजे उड़ान भरेगी तथा सुबह 6:05 बजे चंडीगढ़ लौटेगी। यह नई फ्लाइट चंडीगढ़ एयरपोर्ट से आधी रात के बाद संचालित होने वाली पहली नियमित उड़ान भी होगी।

वर्तमान में चंडीगढ़ और पुणे के बीच केवल एक ही सीधी उड़ान चल रही है, जो इंडिगो एयरलाइंस द्वारा संचालित होती है और रात 10:50 बजे चंडीगढ़ से निकल कर सुबह 1:10 बजे पुणे पहुंचती है। नई उड़ान के जुड़ने से इस रूट पर दैनिक उड़ानों की संख्या दो हो जाएगी, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधा और विकल्प मिलेंगे।

इसके अतिरिक्त एयर इंडिया एक्सप्रेस दूसरी नई उड़ान 1 जून से चंडीगढ़ और बेंगलुरु के बीच भी शुरू कर रही है। यह सुबह 6:40 बजे चंडीगढ़ से उड़ान भरेगी और सुबह 9:55 बजे केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (टर्मिनल-2) पर पहुंचेगी। वापसी में यह फ्लाइट बेंगलुरु से रात 9:15 बजे उड़ान भरेगी और चंडीगढ़ रात 12:15 बजे पहुंचेगी।

बेंगलुरु और चंडीगढ़ के बीच बढ़ती यात्री मांग को देखते हुए यह सेवा शुरू की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि इस नई उड़ान के शुरू होने पर दोनों शहरों के बीच कुल पांच नॉन-स्टॉप फ्लाइट उपलब्ध हो जाएंगी, जो यात्रा को और अधिक सुविधाजनक बनाएंगी।

विमानन विशेषज्ञों के अनुसार, इन नई उड़ानों से न केवल समय की बचत होगी, बल्कि व्यापार, शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में संपर्क मजबूत होगा। इससे क्षेत्रीय कनेक्टिविटी में भी सुधार होगा, जो दोनों शहरों के विकास के लिए लाभकारी साबित होगा।

नई उड़ानों के आरंभ से चंडीगढ़ एयरपोर्ट की क्षमता व महत्व बढ़ेगा और यात्रियों को अनेक विकल्पों के साथ बेहतर यात्रा अनुभव मिलेगा। यात्रियों के लिए यह कदम सुविधाजनक साबित होगा और हवाई यात्रा को आसान बनाएगा।

–आईएएनएस

एसएके/वीसी

Source

error: Content is protected !!