पीएम मोदी के मार्गदर्शन में भारत ने महत्वपूर्ण उन्नति की : अनिल विज

चंडीगढ़, हरियाणा। हरियाणा के ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने शनिवार को अंबाला छावनी स्थित मुसद्दी लाल आर्य गर्ल्स हाई स्कूल के वार्षिक समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की प्रगति की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि जब प्रधानमंत्री मोदी देश के सर्वोच्च पद पर आए थे, तब भारत की आर्थिक स्थिति विश्व में 14वें नंबर पर थी, लेकिन अब भारत अर्थव्यवस्था में तीसरे स्थान पर पहुंच चुका है।

अनिल विज ने यह भी जोर देकर कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने का बड़ा संकल्प लिया है। सरकार पूरी लगन और प्रतिबद्धता के साथ इस लक्ष्य को पाने की दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि विकास की इस यात्रा में शिक्षा को सबसे महत्वपूर्ण स्तंभ माना गया है।

ऊर्जा मंत्री ने शिक्षा को श्रेष्ठ सेवा बताते हुए कहा कि पहले के गुरुकुल और वर्तमान के आधुनिक स्कूलों में शिक्षण प्रक्रिया में बड़ा बदलाव आया है। पहले जहां नैतिक और सांस्कृतिक मूल्यों को प्राथमिकता दी जाती थी, वहीं अब तकनीकी और वैज्ञानिक शिक्षा पर भी बल दिया जा रहा है जिससे विद्यार्थी समग्र रूप से सशक्त बन सकें।

उन्होंने बालिकाओं की शिक्षा पर विशेष जोर दिया और कहा कि बेटियों को शिक्षित करना न केवल समाज के लिए बल्कि पूरे राष्ट्र के विकास के लिए परम आवश्यक है। मुसद्दी लाल आर्य गर्ल्स हाई स्कूल जैसी संस्थाएं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करके यह कार्य बखूबी कर रही हैं। यह प्रयास समाज में समानता और प्रगति दोनों को बढ़ावा देता है।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की उन्होंने भी प्रशंसा की और कहा कि यह न सिर्फ उनकी प्रतिभा का प्रदर्शन था, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत को भी जीवित रखने का एक माध्यम है।

अनिल विज ने अपने आप को जनता का चौकीदार बताते हुए कहा कि सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्य जनता के विश्वास और सहयोग की बदौलत ही संभव हैं। उन्होंने बताया कि अंबाला छावनी क्षेत्र में देश के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम 1857 की स्मृति में राष्ट्रीय स्तर का शहीद स्मारक भी बन रहा है, जिसका उद्घाटन बहुत जल्द प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया जा सकता है।

ऊर्जा मंत्री ने यह भी संकल्प जताया कि प्रदेश व देश के विकास के कार्य लगातार निरंतर जारी रहेंगे ताकि हर क्षेत्र में सुधार हो और भारत एक मजबूत व विकसित राष्ट्र बनकर उभरे।

Source

error: Content is protected !!