सोनीपत, हरियाणा। मंगलवार देर रात सोनीपत के गांव गौरड़ के खेतों में क्राइम यूनिट-1 और कुख्यात बदमाशों के बीच एक जोरदार मुठभेड़ हुई। इस घटना में पुलिस की जवाबी कार्रवाई के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी जबकि उसका साथी पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया। इस मुठभेड़ के दौरान सीआईए इंस्पेक्टर राजीव की बुलेटप्रूफ जैकेट पर एक गोली लगी, लेकिन वे सुरक्षित बच गए।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, क्राइम यूनिट-1 को गुप्त सूचना मिली थी कि गांव गौरड़ के खेतों में दो संदिग्ध युवक हथियारों के साथ घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुँची और आरोपितों को पकड़ने का प्रयास किया। तभी बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में कुख्यात बदमाश राजू उर्फ बांडा निवासी किडौली के पैर में गोली लगी जबकि उसका साथी संजय निवासी बहादुरगढ़ को पकड़ कर हिरासत में ले लिया गया।
पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से 32 बोर की अवैध पिस्टल और बर्फ तोड़ने वाला सुंआ बरामद किया है। घायल राजू को इलाज के लिए खरखौदा के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी संजय से लगातार पूछताछ जारी है।
मुठभेड़ के दौरान एक गोली सीआईए इंस्पेक्टर राजीव की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी लगी, जिसकी वजह से वे सुरक्षित रहे। इस घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर तलाशी अभियान चलाई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, राजू उर्फ बांडा पर हत्या, लूट, डकैती, गैंगवार, जेल एक्ट एवं आर्म्स एक्ट के दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। वहीं गिरफ्तार आरोपी संजय के खिलाफ भी बहादुरगढ़ और दिल्ली के रोहिणी थाना क्षेत्र में चोरी, लूट, हत्या और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं।
खरखौदा के एसीपी जोगिंदर शर्मा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध हथियारबंद युवक खेतों में मौजूद हैं। जैसे ही पुलिस टीम ने उन्हें घेरने की कोशिश की तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल हुआ और दूसरा गिरफ्तार किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरी घटना की जांच जारी है।
यह मुठभेड़ जिले में अपराधिक घटनाओं से निपटने और कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पुलिस की तत्परता को दर्शाती है। प्रशासन ने जनता से शांति बनाये रखने और पुलिस के साथ सहयोग करने की अपील की है।
