पीएम मोदी के बयान पर कांग्रेस नेता पवन बंसल का तंज, कहा- पहले के कामों को स्वीकार तो किया

चंडीगढ़। कांग्रेस नेता पवन बंसल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वैश्विक हालात को लेकर दिए गए बयान पर टिप्पणी करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने कम से कम पिछले दशकों की उपलब्धियों को स्वीकार किया है। पवन बंसल का तंज उनके उस बयान पर था जिसमें मोदी ने त्वरित कदम न उठाने पर पिछले दशकों की उपलब्धियों को खो देने की बात कही थी।

पवन बंसल ने कहा, “शुक्र है कि पीएम मोदी ने पिछले दशकों की बात की, सिर्फ पिछले दशक की नहीं। पहले ऐसी बातें होती थीं कि 2014 से पहले भारत में कुछ था ही नहीं, भारत 2014 में बना। पहली बार मैंने देखा कि वे उसके पहले की भी बात कर रहे हैं। इससे साफ है कि उन्होंने माना कि पहले भी काम होता रहा, जिससे देश मजबूत हुआ।”

उन्होंने वर्तमान आर्थिक और सामाजिक हालात पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि आज भारत में रुपये की कीमत में गिरावट और बढ़ती बेरोजगारी किसी से छिपी नहीं है। खासकर युवाओं के लिए नौकरी मिलना कठिन हो गया है और ग्रेजुएट बेरोजगारों की संख्या दिन पर दिन बढ़ती जा रही है। इसके अलावा नीट परीक्षा में पेपर लीक की घटनाओं ने शिक्षा क्षेत्र को भी प्रभावित किया है।

बंसल ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने मान लिया है कि उनकी सरकार से हालात संभाले नहीं गए। उन्होंने कहा, “अब जब देश में कोई चुनाव नहीं है तो उन्होंने इन हालातों पर चर्चा शुरू की है।” उनका सुझाव था कि केन्द्र सरकार को सभी राजनीतिक दलों को साथ लेकर राष्ट्रीय स्तर पर इस संकट का सामना करना चाहिए और विपक्ष की राय भी लेनी चाहिए।

पवन बंसल ने राहुल गांधी द्वारा उठाए गए नीट पेपर लीक के मुद्दे को जायज ठहराया। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी ने एक सही मांग उठाई है। 2024 में भी ऐसी घटनाएं हुई हैं, लेकिन अगर हम पिछले कुछ वर्षों में विभिन्न राज्यों में हुए पेपर लीक की संख्या देखें तो यह सैकड़ों में पहुंच जाती है। छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करना गलत है। छात्र बहुत मेहनत से पढ़ाई कर रहे हैं और भारी तनाव में हैं।”

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के सभी सीटों पर अकेले लड़ने के फैसले का समर्थन करते हुए पवन बंसल ने कहा, “हम बंगाल में सभी सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं और हर जगह कड़ा मुकाबला कर रहे हैं। हमें बहुत अच्छे प्रदर्शन का भरोसा है। अपने कार्यकर्ताओं से मिली जानकारी के अनुसार पार्टी ने अच्छा प्रदर्शन किया है।”

उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस बार भी जीत के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरी है और नतीजे पार्टी के लिए सकारात्मक होंगे। यह कदम कांग्रेस की स्वतंत्र ताकत को दिखाने वाला है।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री मोदी पर आतंकी वाली टिप्पणी के संदर्भ में पवन बंसल ने सफाई दी। उन्होंने कहा, “उन्होंने पीएम मोदी को आतंकवादी नहीं कहा। उन्होंने कहा कि विरोधियों को आतंकित किया जा रहा है, इसके हमारे सामने कई उदाहरण हैं।”

Source

error: Content is protected !!