पंजाब के 72 शिक्षक फिनलैंड के लिए रवाना, सीएम मान ने शिक्षा में क्रांति लाने का जताया भरोसा

चंडीगढ़। पंजाब सरकार शिक्षा क्षेत्र में सुधार और गुणवत्ता बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है। इसी दिशा में मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में शुक्रवार को Punjab के 72 सरकारी स्कूल के शिक्षक फिनलैंड के लिए रवाना हुए। यह चौथा प्रतिनिधिमंडल है जो आधुनिक शिक्षण पद्धतियों, नवीनतम शैक्षिक उपकरणों तथा बेहतर शिक्षा के तरीकों को सीखने के लिए प्रशिक्षण प्राप्त करेगा।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस अवसर पर पत्रकारों से बात करते हुए कहा, “आज 72 शिक्षक शिक्षा के नए आयाम तलाशने फिनलैंड जा रहे हैं, जहां वे नवीनतम शिक्षण तकनीकों और उपकरणों के प्रशिक्षण में शामिल होंगे। हमारा लक्ष्य शिक्षा के क्षेत्र में एक नई क्रांति लाना है।”

शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने बताया कि यह चौथा बैच है जो फिनलैंड के प्रशिक्षण के लिए जा रहा है। उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री भगवंत मान शिक्षा पर विशेष जोर देते हैं। वे कक्षा 8, 10 और 12 के टॉपर्स को व्यक्तिगत रूप से सम्मानित करने वाले शायद देश के एकमात्र मुख्यमंत्री हैं।”

प्रतिनिधिमंडल में शामिल एक शिक्षक ने कहा, “हमारा केंद्र बिंदु शिक्षण पद्धति पर होगा। पहला बैच पहले ही लौट चुका है और उन्होंने अपनी उपलब्धियों एवं अनुभवों को साझा किया है, जो हम सबके लिए प्रेरणादायक है। फिनलैंड में हम प्ले-वे मेथड, बाल-केंद्रित शिक्षा और बच्चों के समग्र विकास से जुड़े आधुनिक तरीकों को सीखेंगे।”

एक अन्य शिक्षिका ने कहा, “फिनलैंड के स्कूलों में खेल-खेल में सिखाने के तरीके और बाल-केंद्रित दृष्टिकोण हमारे पंजाब के सरकारी स्कूलों में कुछ हद तक पहले से लागू हैं, लेकिन वहां से हमें और बेहतर तरीके सीखने को मिलेंगे जिन्हें हम प्रभावी रूप से अपनाएंगे। इससे बच्चों की सीखने की प्रक्रिया और भी प्रभावी बनेगी।”

शिक्षकों का मानना है कि फिनलैंड विश्व में शिक्षा की गुणवत्ता के लिए एक मिसाल है। वहां से वापस आने के बाद जो भी नई तकनीकें और विधियां सीखेंगे, उन्हें पंजाब के सरकारी स्कूलों में लागू किया जाएगा ताकि विद्यार्थी बेहतर शिक्षा प्राप्त कर सकें।

Source

error: Content is protected !!