‘हम पावरप्ले में हार गए थे’: आरसीबी से हार के बाद पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर का बयान

धर्मशाला, हिमाचल प्रदेश। आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स की हार का सिलसिला जारी है। रविवार को हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में हुए मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ पंजाब किंग्स को 23 रन से हार का सामना करना पड़ा। यह पंजाब की इस सीजन की लगातार छठी हार थी, जिससे टीम के प्लेऑफ में पहुंचने के सपने पर गंभीर सवालिया निशान लग गया है।

मुकाबले के बाद पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा, “उनकी टीम ने बहुत अच्छी शुरुआत की और पावरप्ले के ठीक बाद भी हमारे गेंदबाजों पर अटैक किया। मुझे लगता है कि 222 रन बनाना एक बेहतरीन प्रदर्शन था। लेकिन हम ज्यादा विकेट नहीं ले पाए। हां, मेरा मानना है कि यह मैच पावरप्ले में ही हार गए थे।”

पंजाब किंग्स ने 223 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए शुरुआत में ही 3 विकेट केवल 19 रन पर गंवा दिए थे। श्रेयस अय्यर ने इसपर कहा, “हमारे ज्यादातर रन प्रभसिमरन और प्रियांश ने बनाए। पावरप्ले में हमें वैसी अच्छी शुरुआत नहीं मिली, जो हम उम्मीद कर रहे थे, और मैं भी जल्दी आउट हो गया, जो निराशाजनक था। बाद में शशांक और स्टोइनिस ने बीच के ओवरों में अच्छी बल्लेबाजी की। हम लगभग 10 रन प्रति ओवर की रफ्तार से खेल रहे थे, पर लक्ष्य से पीछे रह गए।”

उन्होंने आरसीबी के गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड की कड़ी गेंदबाजी की भी सराहना की।

पंजाब किंग्स का अगला और अंतिम लीग मैच लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के खिलाफ होना है। इस बारे में श्रेयस अय्यर ने कहा, “नतीजे चाहे जैसे भी हों, मैं हमेशा सकारात्मक रहता हूं। मेरी मानसिकता मजबूत है और मैं हमेशा आगे बढ़ता हूं। मैं अतीत में उलझने वाला इंसान नहीं हूं। यह मैच अब खत्म हो चुका है, हमने अब आगे देखना है।”

इस सीजन के 13वें मैच में पंजाब किंग्स की लगातार छठी हार हुई है। टीम इस समय 13 मैचों में 6 जीत और 6 हार के साथ 13 अंकों के साथ चौथे स्थान पर है, लेकिन प्लेऑफ में जगह बनाना अब दूसरी टीमों के प्रदर्शन पर निर्भर है।

मुकाबले में आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट पर 222 रन बनाए, जबकि पंजाब किंग्स 8 विकेट पर 199 रन ही बना पाई और 23 रन से हार गई।

Source

error: Content is protected !!