विनेश ने डब्ल्यूएफआई के नोटिस पर जवाब दिया: मुझे सिर्फ निष्पक्ष मौका चाहिए

जींद, हरियाणा। पहलवान व जुलाना से विधायक विनेश फोगाट और भारतीय कुश्ती संघ (डब्ल्यूएफआई) के बीच विवाद तेज होता जा रहा है। डब्ल्यूएफआई की तरफ से विनेश को जारी किए गए कारण बताओ नोटिस को लेकर यह मामला सुर्खियों में बना हुआ है। इस बीच विनेश फोगाट ने एक सार्वजनिक बयान जारी कर खुद को नियमों के दायरे में बताया है और अपने पक्ष को मजबूती से रखा है।

विनेश फोगाट ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट “एक्स” पर एक पोस्ट में स्पष्ट किया कि उन्हें 1 जनवरी 2026 से आधिकारिक ट्रेनिंग और प्रतियोगिताओं में वापसी की अनुमति मिल चुकी है। उन्होंने दावा किया कि इंटरनेशनल टेस्टिंग एजेंसी (आईटीए) ने लिखित रूप में उन्हें पात्र माना था। इसी आधार पर उन्होंने गोंडा के नंदिनी नगर में आयोजित 2026 सीनियर ओपन रैंकिंग टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के लिए पंजीकरण कराया था।

हालांकि आरोप है कि प्रतियोगिता स्थल पर पहुंचने के बाद भी उन्हें वेरिफिकेशन प्रक्रिया पूरी करने नहीं दी गई और ट्रेनिंग हॉल तक पहुंचने से रोक दिया गया। विनेश ने यह भी स्पष्ट किया कि वह किसी विशेष सुविधा की मांग नहीं कर रही हैं, बल्कि सिर्फ योग्यता के आधार पर प्रतिस्पर्धा में हिस्सा लेने का निष्पक्ष मौका चाहती हैं।

एजेंसियों के सहयोग को किया रेखांकित

विनेश ने डब्ल्यूएफआई के नोटिस में लगाए गए आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि सितंबर 2024 के वेयर अबाउट्स फेलियर और दिसंबर 2025 के मिस्ड टेस्ट को एंटी डोपिंग नियमों का उल्लंघन नहीं माना जाना चाहिए। उनका कहना है कि उन्होंने संबंधित एजेंसियों के साथ समय पर सम्पर्क बनाए रखा और यह मामले वाडा कोड 2021 के उल्लंघन की श्रेणी में नहीं आते।

विभिन्न भार वर्गों में ट्रायल पर सबूत के साथ सफाई

इसके अलावा, विनेश ने 2024 के चयन ट्रायल के दौरान दो अलग-अलग भार वर्गों में भाग लेने के आरोप को भी गलत बताया। उनका कहना है कि इस पूरे विषय में एडहॉक कमेटी को पूरी जानकारी थी और किसी भी स्तर पर इस पर आपत्ति नहीं जताई गई।

विनेश फोगाट ने दोहराया कि वे नियमों के तहत ही अपनी प्रतियोगिता की तैयारी कर रही हैं और उनसे केवल निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा का अवसर प्रदान किया जाए। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य खेल को आगे बढ़ाना है और वे सभी आवश्यक प्रक्रियाओं का पूरी तरह सम्मान करती हैं।

यह मामला फिलहाल चर्चा में बना हुआ है और दोनों पक्षों के बीच विवाद के समाधान के लिए आगे की बातचीत की संभावना बनी हुई है। डब्ल्यूएफआई और विनेश फोगाट दोनों ने ही अपने-अपने बयान जारी कर अपनी स्थिति स्पष्ट की है।

Source

error: Content is protected !!