चंडीगढ़, पंजाब। वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व उप मुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर देश की वर्तमान आर्थिक स्थिति को लेकर सख्त निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की पूर्व में दी गई चेतावनियां अब पूरी तरह सही साबित हो रही हैं। बढ़ती बेरोजगारी और महंगाई से देश की आम जनता त्रस्त है।
रंधावा ने सोमवार को कहा, “प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले 12 वर्षों में देश को ऐसी गम्भीर स्थिति में पहुंचा दिया है, जहां लोगों को यह बताया जा रहा है कि क्या खरीदना है, क्या नहीं खरीदना है, कहां जाना है और कहां नहीं जाना है।” उन्होंने इस पर मुख्यमंत्री, मंत्री और सांसदों को भी अपनी राजनीतिक यात्राओं में वाहनों की संख्या कम करने, विदेशी दौरे घटाने और सरकारी खर्चों में कटौती करने की सलाह दी।
उन्होंने मांग की कि देश में व्याप्त आर्थिक संकट पर तुरंत संसद का विशेष सत्र बुलाकर चर्चा की जाए ताकि जनता को वास्तविक स्थिति से अवगत कराया जा सके। रंधावा ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई, आर्थिक अनिश्चितता और वैश्विक अस्थिरता ने आम लोगों की कमर तोड़ दी है। मध्यम वर्ग, किसान, व्यापारी और युवा सभी आर्थिक दबाव के कारण प्रभावित हैं।
उन्होंने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि वह हमेशा प्रचार और इवेंट मैनेजमेंट में व्यस्त रहती है जबकि असली मुद्दों पर विचार नहीं करती। “सरकार हर बार अपनी जिम्मेदारी से बचने के लिए जनता को दोष देती है, जो उसकी असफलता को दर्शाता है,” उन्होंने कहा। रंधावा ने स्पष्ट किया कि देश को दिखावे की राजनीति नहीं चाहिए, बल्कि ईमानदार आर्थिक योजनाएं, जिम्मेदार जवाबदेही और राष्ट्रीय हितों पर केन्द्रित विदेश नीति की आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि रोजगार सृजन, निवेश, उद्योग और कृषि को पहले की तुलना में ज्यादा समर्थन देना जरूरी है, लेकिन वर्तमान नीतियों से आर्थिक असमानता बढ़ रही है। रंधावा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता के आर्थिक मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी और सरकार को जवाबदेह ठहराएगी ताकि देश का आर्थिक भविष्य सुरक्षित हो सके।
