फेल ATM ट्रांजैक्शन पर नहीं लगेगा शुल्क, मुफ्त में कितनी बार निकाल सकेंगे पैसे; RBI ने जारी किए नए नियम

नई दिल्ली। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने एटीएम और पॉइंट ऑफ सेल (PoS) टर्मिनल से नकद निकासी को लेकर नए मास्टर निर्देश जारी किए हैं। केंद्रीय बैंक ने 27 नवंबर को नकद निकासी से जुड़े सभी निर्देशों को एकीकृत करते हुए वर्ष 2008 से 2022 के बीच जारी किए गए 17 पुराने सर्कुलर रद्द कर दिए हैं। नए निर्देश तत्काल प्रभाव से लागू हो गए हैं।

ग्राहकों को मुफ्त लेनदेन की जानकारी देंगे बैंक

नए निर्देशों के तहत बैंकों को ग्राहकों को बताना होगा कि उन्होंने महीने में कितने मुफ्त एटीएम लेनदेन किए हैं और निर्धारित सीमा समाप्त होने के बाद कितना शुल्क देना होगा।

इसके अलावा एटीएम पर स्क्रीन मैसेज, स्टिकर या पोस्टर के माध्यम से यह जानकारी देनी होगी कि संबंधित एटीएम मेट्रो या गैर-मेट्रो क्षेत्र में स्थित है।

कितनी बार मुफ्त में निकाल सकेंगे पैसे?

आरबीआई ने मुफ्त एटीएम लेनदेन की मौजूदा सीमा में कोई बदलाव नहीं किया है।

  • अपने बैंक के एटीएम पर हर महीने पांच मुफ्त लेनदेन।
  • दूसरे बैंक के एटीएम पर मेट्रो शहरों में तीन मुफ्त लेनदेन।
  • दूसरे बैंक के एटीएम पर गैर-मेट्रो क्षेत्रों में पांच मुफ्त लेनदेन।
  • निर्धारित सीमा के बाद प्रति लेनदेन अधिकतम 23 रुपये शुल्क और लागू टैक्स देना होगा।

बैंक अपने ग्राहकों को निर्धारित सीमा से अधिक मुफ्त लेनदेन की सुविधा भी दे सकते हैं।

फेल एटीएम लेनदेन पर नहीं लगेगा शुल्क

तकनीकी खराबी, सॉफ्टवेयर या नेटवर्क संबंधी समस्या, एटीएम में नकदी उपलब्ध नहीं होने अथवा बैंक की गलती के कारण विफल हुए लेनदेन पर ग्राहकों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। ऐसे लेनदेन को मुफ्त ट्रांजैक्शन की निर्धारित सीमा में भी नहीं गिना जाएगा।

बैंकों को नकद निकासी की अधिकतम सीमा और लागू शुल्क की जानकारी हिंदी, अंग्रेजी और स्थानीय भाषा में उपलब्ध करानी होगी।

यूपीआई से भी निकाल सकेंगे नकदी

नए निर्देशों के अनुसार, ग्राहक डेबिट कार्ड, पूर्ण केवाईसी वाले प्रीपेड पेमेंट इंस्ट्रूमेंट और यूपीआई के माध्यम से अधिकृत PoS टर्मिनल से नकदी निकाल सकेंगे।

इसके तहत एक बार में अधिकतम 2,000 रुपये और महीने में कुल 10,000 रुपये निकालने की सुविधा होगी। इस सेवा पर अधिकतम एक प्रतिशत शुल्क लिया जा सकेगा। ग्राहकों को नकदी निकालने के लिए संबंधित दुकान से सामान खरीदना अनिवार्य नहीं होगा।

बिना कार्ड के नकदी निकालने की सुविधा रहेगी जारी

आरबीआई ने यूपीआई के माध्यम से कार्डलेस नकद निकासी की सुविधा भी बरकरार रखी है। इसके अलावा विफल लेनदेन के समाधान, ग्राहकों को मुआवजा देने और बैंकिंग शिकायतों के निवारण से संबंधित मौजूदा प्रावधान लागू रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!